LPG ग्राहकों के लिए आखिरी मौका! e-KYC नहीं कराई तो कल से सिलेंडर बुकिंग में परेशानी

0
11
LPG KYC Deadline
LPG KYC Deadline

नई दिल्ली: अगर आपके घर में एलपीजी गैस सिलेंडर इस्तेमाल होता है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. ई-केवाईसी पूरी करने की तय समय सीमा आज यानी 16 अगस्त को खत्म हो रही है. तय समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले ग्राहकों को 17 अगस्त से सिलेंडर बुक करने में परेशानी हो सकती है. इंडियन ऑयल ने अपने एलपीजी ग्राहकों से 16 अगस्त तक ई-केवाईसी पूरी करने को कहा है. 

रिपोर्ट के मुताबिक, समय सीमा तक सत्यापन नहीं कराने पर ग्राहक अगले दिन से गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर पाएंगे. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि उनका गैस कनेक्शन रद्द हो जाएगा. ग्राहक जब भी ई-केवाईसी पूरी कर लेंगे और उनका सत्यापन सफल हो जाएगा, उसके बाद दोबारा एलपीजी सिलेंडर बुक करने और प्राप्त करने की सुविधा शुरू हो जाएगी. इसलिए उपभोक्ताओं को आखिरी समय का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है.

घर बैठे ऐसे पूरी करें ई-केवाईसी

एलपीजी ग्राहक घर बैठे भी ई-केवाईसी कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें अपनी गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा. इंडेन, एचपी गैस या भारत गैस के ऐप के जरिए ग्राहक फेस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ऐप में ई-केवाईसी का स्टेटस जरूर चेक करें. इससे यह पता चल जाएगा कि प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई है या नहीं.

गैस एजेंसी पर भी मिलेगा विकल्प

अगर किसी ग्राहक को ऑनलाइन ई-केवाईसी करने में परेशानी हो रही है, तो वह अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर भी यह काम करा सकता है. एजेंसी पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के जरिए प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. इसके लिए ग्राहक का मोबाइल नंबर भी सही और अपडेट होना जरूरी है. यही नंबर आगे गैस सिलेंडर की बुकिंग और उससे जुड़े ओटीपी के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.

बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर जरूरी

एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी से जुड़े नियमों में भी बदलाव किए गए हैं. अब रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की अहम भूमिका है और ओटीपी के बिना सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होगी. इसलिए ग्राहकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका सही मोबाइल नंबर गैस कनेक्शन से जुड़ा हो. इसके अलावा, बताए गए नियमों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के अंतराल के बाद एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग की जा सकेगी. पीएम उज्ज्वला योजना के ग्राहकों के लिए समय सीमा को लेकर अलग व्यवस्था बताई गई है, लेकिन उनके लिए भी ई-केवाईसी पूरी करना जरूरी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here