नई दिल्ली: जन्मदिन पर केक काटना, मिठाई बांटना और दोस्तों के साथ मस्ती करना आम बात है, लेकिन सोशल मीडिया के दौर में बर्थडे सेलिब्रेशन के कई नए तरीके भी देखने को मिल रहे हैं. इनमें से एक है ‘बर्थडे बंप’, जो मौज-मस्ती के नाम पर कई बार खतरनाक रूप ले लेता है. ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक बच्चे की पीठ पर बर्थडे बंप के बाद चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं.
बर्थडे बंप के बाद लाल हुई पीठ
वायरल वीडियो में बच्चे की पीठ पर लाल निशान नजर आ रहे हैं. परिजन चोट वाली जगह पर बर्फ लगाते दिखाई देते हैं. वीडियो में बच्चे की मां इस घटना को लेकर नाराज नजर आती हैं और सवाल उठाती हैं कि आखिर जन्मदिन मनाने का यह कैसा तरीका है?
महिला यह भी कहती हैं कि संभव है कि उसके बच्चे ने भी कभी किसी और के साथ ऐसा किया हो. हालांकि, अब चोट लगने के बाद वह उसे समझाती नजर आती हैं कि इस तरह की हरकत दोबारा नहीं होनी चाहिए. वह बच्चे को भविष्य में ऐसा करने पर सजा देने की बात भी कहती हैं.
वीडियो पर लोगों ने जताई चिंता
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इस तरह के सेलिब्रेशन को लेकर बहस शुरू हो गई. कई यूजर्स ने कहा कि मनोरंजन के नाम पर किसी को चोट पहुंचाना सही नहीं है. कुछ लोगों ने बच्चे की मां की तारीफ भी की, क्योंकि उन्होंने अपने बच्चे की गलती को नजरअंदाज करने के बजाय उसे समझाने की कोशिश की.
क्या होता है बर्थडे बंप?
‘बर्थडे बंप’ का चलन ब्रिटेन की एक पुरानी परंपरा से जुड़ा बताया जाता है. इसमें जन्मदिन वाले व्यक्ति को उसकी उम्र के बराबर या उससे जुड़े तरीके से हवा में उछालने की परंपरा रही है. समय के साथ यह ट्रेंड अलग-अलग जगहों पर अलग अंदाज में किया जाने लगा. कुछ मामलों में लोग जन्मदिन वाले व्यक्ति को उछालने के साथ उसकी पीठ या शरीर पर थपकी या हल्की मार भी करते हैं, लेकिन कई जगह यह मजाक सीमा पार कर मारपीट जैसा रूप ले लेता है.












