नई दिल्ली: फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही इसके किरदारों के लुक और कॉस्ट्यूम को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है. खासकर साई पल्लवी के सीता वाले लुक और लारा दत्ता के कैकेयी के किरदार को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं.
कुछ यूजर्स ने कपड़ों की स्टाइलिंग पर सवाल उठाए, तो कुछ ने मीम्स के जरिए कैकेयी के लुक की तुलना टीवी सीरियल्स के किरदारों से की. अब फिल्म के कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स रिम्पल और हरप्रीत नरूला ने इन प्रतिक्रियाओं पर अपनी बात रखी है.
सीता के लुक को लेकर क्या बोलीं रिम्पल?
कॉस्ट्यूम डिजाइनर रिम्पल ने कहा कि उन्हें पहले से अंदाजा था कि फिल्म के लुक्स को लेकर चर्चा और तुलना होगी. उनके मुताबिक, रामायण भारतीय लोगों की सामूहिक स्मृति का हिस्सा है और हर व्यक्ति के मन में इसके किरदारों की अपनी छवि है.
साई पल्लवी के सीता लुक और खासकर ब्लाउज को लेकर उठे सवालों पर रिम्पल ने बताया कि यह डिजाइन सोच-समझकर चुना गया था. उन्होंने कहा कि उनके मन में देवी सीता की जो छवि है, उसी भावना को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है.
रिसर्च के साथ क्रिएटिव आजादी
रिम्पल के अनुसार, कॉस्ट्यूम डिजाइन में ऐतिहासिक रिसर्च जरूरी है, लेकिन किसी किरदार की दृश्यात्मक प्रस्तुति में कलाकार की व्याख्या भी अहम होती है. उस दौर के कपड़ों के पर्याप्त प्रमाण मौजूद नहीं होने के कारण डिजाइनर्स को कला, मंदिरों की तस्वीरों, मिनिएचर पेंटिंग्स और राजा रवि वर्मा की कलाकृतियों से भी प्रेरणा लेनी पड़ती है.
उन्होंने कहा कि रामायण की अलग-अलग संस्कृतियों में अलग व्याख्याएं हुई हैं और यह फिल्म भी उसी परंपरा में उनकी अपनी रचनात्मक प्रस्तुति है.
कैकेयी के लुक पर हरप्रीत ने समझाया रंगों का मतलब
लारा दत्ता के कैकेयी लुक को लेकर हो रही आलोचना पर हरप्रीत नरूला ने कहा कि कॉस्ट्यूम में इस्तेमाल हर रंग के पीछे एक खास सोच थी. उनके मुताबिक, हरा रंग मातृत्व को दर्शाता है, जबकि गहरा मैरून कैकेयी के भीतर चल रहे भावनात्मक संघर्ष और कठिन फैसले की गंभीरता को दिखाता है.
उन्होंने दर्शकों से अपील की कि फिल्म देखने से पहले केवल तस्वीरों के आधार पर राय न बनाएं. डिजाइनर्स का कहना है कि उनका उद्देश्य एक प्राचीन महाकाव्य को नई पीढ़ी के लिए विजुअली पेश करना है.
30 जुलाई को रिलीज हुआ था ट्रेलर
‘रामायण’ का ट्रेलर 30 जुलाई को रिलीज हुआ था. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, सई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं. लारा दत्ता कैकेयी का किरदार निभा रही हैं. ट्रेलर के बाद फिल्म के विजुअल्स और किरदारों के लुक को लेकर चर्चा लगातार जारी है.












