नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ लोगों से कैसी-कैसी हरकतें करवा रही है, इसका एक और अजीबोगरीब नमूना चीन से सामने आया है। कोई अनोखा खाना परोसकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश करता है, तो कोई हैरतअंगेज स्टंट के जरिए ध्यान खींचता है। लेकिन इस बार जो नजारा सामने आया, उसने न सिर्फ लोगों को चौंकाया बल्कि इंटरनेट पर जमकर बहस भी छेड़ दी। एक इवेंट में महिला कॉस्प्लेयर ने अपने दोनों पैरों को नींबू के टुकड़े मिले पानी में डुबोया.उसी पानी से तैयार नींबू पानी को ग्राहकों को बेचने लगी।
ग्वांगझोऊ के एनीमे इवेंट में हुआ यह कारनामा
यह पूरा वाकया चीन के ग्वांगझोऊ शहर में आयोजित एक बड़े एनीमे और कॉस्प्ले फेस्टिवल के दौरान हुआ। कॉस्प्ले एक ऐसा शौक है जिसमें लोग किसी काल्पनिक कैरेक्टर जैसे, कॉमिक, एनीमे के कैरेक्टर का लिबास पहनकर उसी के अंदाज में हाव-भाव पेश करते हैं। यह शब्द दरअसल ‘कॉस्ट्यूम’ और ‘प्ले’ के मेल से बना है। इसी फेस्टिवल में एक कॉस्प्लेयर कुर्सी पर बैठी हुई थी और उसके सामने एक पारदर्शी टब रखा था. उसने अपने दोनों पैर उसमे डुबो रखे थे। टब में सामान्य पानी के साथ नींबू के कटे हुए टुकड़े भी मिलाए गए थे। स्टॉल पर मौजूद स्टाफ इसी पानी से नींबू पानी तैयार कर ग्राहकों को परोस रहा था.
600 रुपये में बिका यह अनोखा ड्रिंक
इस ड्रिंक की कीमत करीब 50 युआन यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 600 रुपये रखी गई थी। इतनी ऊंची कीमत के बावजूद स्टॉल के आगे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग सिर्फ इस अनोखे तमाशे को अपनी आंखों से देखने पहुंचे थे, जबकि कई ने जिज्ञासावश या मौज-मस्ती में यह ड्रिंक खरीद भी लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे नजारे को अपने कैमरों में कैद कर लिया।
आयोजकों ने बंद करवाया स्टॉल
वीडियो वायरल होते ही यूजर्स का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने इसे अस्वच्छ और सेहत के लिए हानिकारक करार दिया, तो कुछ ने सवाल उठाया कि आखिर कोई ऐसा पेय खरीदने की सोच भी कैसे सकता है। बढ़ते विवाद के बीच स्टॉल की तरफ से एक सफाई भी जारी की गई, जिसमें कहा गया कि यह पूरा प्रदर्शन केवल मनोरंजन के मकसद से किया गया था और इसका इरादा किसी गलत परंपरा को बढ़ावा देना नहीं था। हालांकि यह सफाई लोगों के गुस्से को शांत नहीं कर सकी और आलोचनाओं का सिलसिला जारी रहा। आखिरकार बढ़ते दबाव के चलते इवेंट आयोजकों को स्टॉल बंद करवाना पड़ा और संबंधित कॉस्प्लेयर को कार्यक्रम स्थल से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।












