52 दिन बाद भी नहीं आया CBSE 10वीं दूसरे बोर्ड का रिजल्ट, छात्रों का फूटा गुस्सा

0
7
CBSE Second Board Result
CBSE Second Board Result

नई दिल्ली: सीबीएसई (CBSE) की 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा खत्म हुए लगभग दो महीने होने वाले हैं, लेकिन लाखों छात्र अब भी अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं. परीक्षा समाप्त हुए 52 दिन बीत चुके हैं, फिर भी बोर्ड की ओर से परिणाम जारी करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. इस देरी के कारण छात्रों और अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ रही है. खासतौर पर वे छात्र, जिन्होंने अपने अंक सुधारने या कंपार्टमेंट परीक्षा के तहत एग्जाम दिया था, उनके लिए आगे की पढ़ाई और एडमिशन की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है.

सीबीएसई की 10वीं दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए इस साल कुल 6,68,854 छात्रों ने पंजीकरण कराया था. इनमें से 5,25,655 छात्रों ने अपने पहले परिणाम में सुधार करने के उद्देश्य से परीक्षा दी थी. वहीं 85,285 छात्र कंपार्टमेंट श्रेणी के तहत शामिल हुए थे, जबकि बाकी छात्र अन्य श्रेणियों में परीक्षा का हिस्सा बने. यह परीक्षा 15 मई से 21 मई 2026 के बीच आयोजित की गई थी. परीक्षा खत्म होने के बाद से ही छात्र रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक बोर्ड की ओर से परिणाम जारी करने की कोई तारीख घोषित नहीं की गई है.

रिजल्ट में देरी से छात्रों की बढ़ी परेशानी

रिजल्ट जारी होने में हो रही देरी का सबसे ज्यादा असर उन छात्रों पर पड़ रहा है, जिन्हें 11वीं कक्षा में विषय (स्ट्रीम) का चयन करना है. कई स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और एडमिशन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है. ऐसे में जिन छात्रों का परिणाम अभी तक नहीं आया है, वे अपने भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं. कंपार्टमेंट परीक्षा देने वाले छात्रों के सामने भी बड़ी चुनौती है. रिजल्ट नहीं आने के कारण उन्हें यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि वे आगे 10वीं की तैयारी करें या 11वीं की पढ़ाई शुरू करें.

सोशल मीडिया पर छात्रों ने जताई नाराजगी

रिजल्ट में लगातार हो रही देरी को लेकर छात्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की है. कई छात्रों ने सीबीएसई की पोस्ट पर कमेंट कर जल्द परिणाम जारी करने की मांग की है. एक छात्र ने लिखा कि “भाई आप लोग क्या कर रहे हैं, 50 दिन हो गए हैं, कक्षा 10 के दूसरे बोर्ड का रिजल्ट कब आएगा. तुम्हारी वजह से कितने बच्चे सदमे में हैं, इम्प्रूवमेंट वालो की स्ट्रीम चयन नहीं हो रही और कंपार्टमेंट वाले, उनको ये ही नहीं पता कि हम 10वीं का पढ़े कि 11वीं की.”

एक अन्य यूजर ने भी अपनी प्रतिक्रिया में लिखा कि ऐसा लगता है जैसे परिणाम घोषित करना बोर्ड की प्राथमिकता में ही नहीं है. उन्होंने कहा कि हर दिन नई सूचना की उम्मीद रहती है, लेकिन अब तक सिर्फ इंतजार ही हाथ लगा है.

स्कूलों में शुरू हो चुका है नया सत्र

देश के कई स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं. अधिकांश छात्र अपनी नई कक्षाओं में पढ़ाई भी शुरू कर चुके हैं. हालांकि जिन छात्रों ने दूसरी बोर्ड परीक्षा दी थी, वे अभी भी रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं. इस स्थिति के कारण कई छात्रों को एडमिशन प्रक्रिया में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. अभिभावकों का भी कहना है कि यदि परिणाम जल्द घोषित नहीं किए गए तो छात्रों की पढ़ाई पर इसका असर पड़ सकता है.

अब तक सीबीएसई की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दूसरी बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी करने में देरी क्यों हो रही है. बोर्ड ने न तो किसी संभावित तारीख की घोषणा की है और न ही देरी के पीछे कोई आधिकारिक कारण साझा किया है. ऐसे में लाखों छात्र रोजाना बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपडेट का इंतजार कर रहे हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here