नई दिल्ली: आगामी 21 जून 2026 का दिन कैलेंडर के किसी आम दिनों की तरह नहीं बीतेगा. इस बार यह तारीख एक बेहद दुर्लभ और ऐतिहासिक वैश्विक संयोग की गवाह बनने जा रही है. एक ही दिन और एक ही तारीख को दुनिया भर में स्वास्थ्य, प्राचीन संस्कृति, पारिवारिक रिश्तों और विज्ञान से जुड़े पांच बड़े महत्वपूर्ण उत्सव एक साथ मनाए जाएंगे. खगोलीय घटनाओं से लेकर मानवीय संवेदनाओं को समेटे हुए 21 जून को लेकर दुनिया भर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. आइए विस्तार से समझते हैं कि इस अनूठी तारीख का पूरा महत्व क्या है और यह क्यों इतनी खास है.
12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
इस साल 21 जून को पूरी दुनिया 12वां ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ मनाने जा रही है. वर्ष 2015 में भारत के प्रयासों से शुरू हुआ यह वैश्विक अभियान इस बार पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से पूरी दुनिया को सेहत का संदेश देगा. इस साल का मुख्य आकर्षण हुगली नदी की लहरें होंगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष उपस्थिति में 500 से अधिक नावों पर हजारों लोग एक साथ ऐतिहासिक योग प्रदर्शन करेंगे.
पिताओं को समर्पित ‘फादर्स डे’
जून महीने का तीसरा रविवार हर वर्ष पिताओं के सम्मान में समर्पित होता है. इस वर्ष एक सुखद संयोग यह है कि जून का तीसरा रविवार ठीक 21 जून को ही पड़ रहा है. ऐसे में पूरी दुनिया इसी दिन ‘फादर्स डे’ भी मनाएगी. यह खास मौका बच्चों को अपने पिता के निस्वार्थ प्रेम, अनगिनत त्याग और उनके अद्वितीय मार्गदर्शन के प्रति आभार और सम्मान प्रकट करने का अवसर प्रदान करेगा.
साल का सबसे लंबा दिन
21 जून की तारीख का वैज्ञानिक और प्राकृतिक महत्व भी सर्वोपरि है. इस दिन पृथ्वी की स्थिति ऐसी होती है कि इसका उत्तरी गोलार्ध सूर्य की तरफ सबसे अधिक झुका होता है. सूर्य की किरणें सीधे कर्क रेखा पर पड़ती हैं, जिसके कारण सूर्य आसमान में सबसे ज्यादा समय तक दिखाई देता है. भारत सहित उत्तरी गोलार्ध के तमाम देशों में इस दिन लगभग 13 से 14 घंटे तक दिन का उजाला रहेगा, जिससे यह साल का सबसे लंबा दिन और सबसे छोटी रात बन जाती है.
विश्व संगीत दिवस
कला और संगीत प्रेमियों के लिए भी यह तारीख किसी उत्सव से कम नहीं है. 21 जून को वैश्विक स्तर पर ‘विश्व संगीत दिवस’ मनाया जाता है. वर्ष 1982 में फ्रांस से शुरू हुए इस दिवस का मुख्य उद्देश्य शौकिया और पेशेवर संगीतकारों को मंच देना है, जो इस दिन सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर लोगों के जीवन में रस घोलते हैं.
विश्व हाइड्रोग्राफी दिवस
आम जनमानस के लिए भले ही यह नाम थोड़ा नया हो, लेकिन समुद्री रास्तों की सुरक्षा के लिए यह दिन बेहद अनमोल है. हर साल 21 जून को ‘विश्व हाइड्रोग्राफी दिवस’ के रूप में मनाया जाता है. इसका मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षित नौवहन को बढ़ावा देना और समुद्री पर्यावरण के संरक्षण में रात-दिन जुटे हाइड्रोग्राफर्स के तकनीकी योगदान को याद करना है.
















