नई दिल्ली: देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. पहले जहां साइबर अपराधी फर्जी लिंक, मैसेज और ईमेल के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे. वहीं अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से ठगी के नए तरीके सामने आ रहे हैं. इतना ही नहीं, कई मामलों में ठग किसी रिश्तेदार, दोस्त या परिचित की आवाज की नकल करके लोगों को फोन करते हैं और उन्हें धोखा देने की कोशिश करते हैं. बात दें, इसी बढ़ते खतरे को देखते हुए Google ने Android यूजर्स के लिए एक नया सिक्योरिटी फीचर लॉन्च क्या है. क्या है वो फीचर चलिए जानते है.
गूगल का नया फीचर
Google ने अपने नए सिक्योरिटी फीचर का नाम Fake Call Detection रखा है. इसका उद्देश्य फर्जी और संदिग्ध कॉल्स की पहचान करना और यूजर्स को पहले से सतर्क करना है. कंपनी का कहना है कि यह फीचर AI Voice Cloning, Deepfake Calls और Caller ID Spoofing जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करके की जाने वाली ठगी को रोकने में मदद करेगा.
कैसे काम करेगा ये फीचर
बता दें, ये फीचर Phone by Google ऐप के जरिए काम करेगी. जानकारी के अनुसार, जब किसी यूजर के पास कॉल आएगी, तो सिस्टम कॉल करने वाले और कॉल रिसीव करने वाले डिवाइस के बीच एक डिजिटल वेरिफिकेशन प्रोसेस पूरा होगा. अगर सिस्टम को यह पुष्टि नहीं मिलती कि कॉल वास्तव में उसी व्यक्ति की है, जिसका नाम स्क्रीन पर दिखाई दे रहा है, तो यूजर को तुरंत चेतावनी दी जाएगी.
फोन स्क्रीन पर दिखेगा अलर्ट
Google के अनुसार, अगर कोई साइबर अपराधी किसी परिचित व्यक्ति की पहचान या नंबर का इस्तेमाल करके कॉल करने की कोशिश करता है, तो फोन स्क्रीन पर संदिग्ध कॉल का अलर्ट दिखाई देगा. इससे यूजर को सावधान रहने और किसी भी तरह की ठगी से बचने का मौका मिलेगा. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस फीचर में यूजर्स की प्राइवेसी और सिक्योरिटी का पूरा ध्यान रखा गया है. इसके लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे कॉल से जुड़ी जानकारी सुरक्षित रहेगी.
Phone by Google का होना जरूरी
Google लगातार Android प्लेटफॉर्म को अधिक सुरक्षित बनाने पर काम कर रहा है। इससे पहले भी कंपनी Verified Calls जैसे फीचर पेश कर चुकी है. नया Fake Call Detection फीचर Android 12 और उससे ऊपर के वर्जन पर उपलब्ध होगा. हालांकि इसका पूरा फायदा तभी मिलेगा, जब कॉल करने वाला और कॉल रिसीव करने वाला दोनों Phone by Google ऐप का इस्तेमाल कर रहे हों.















