ट्विशा केस में CBI का बड़ा एक्शन, सास गिरिबाला के बाद परिवार से की पूछताछ, लगे गंभीर आरोप

0
9
Major CBI Action in the Twisha Case Following Mother in Law Giribala Family Members Questioned Serious Allegations Leveled
X: @ProfSRK

भोपाल: भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में अब सीबीआई ने जांच अपने हाथों में लेते ही कार्रवाई तेज कर दी है. बता दें, जांच के पहले ही दिन सीबीआई की टीम आरोपी सास गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी, जहां करीब 30 मिनट तक घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया था. इस दौरान अधिकारियों ने घर के अलग-अलग हिस्सों की जांच कर अहम सबूत जुटाने की कोशिश की, जिस दौरान जांच टीम में दो महिला अधिकारी भी शामिल थीं. वहीं अब मामले को लेकर खबर सामने आई है कि सीबीआई  ट्विशा के परिवार से मिलने पहुंची है. 

पति और सास से हो रही पूछताछ 

सूत्रों के अनुसार, सीबीआई अब ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह से पूछताछ की तैयारी कर रही है, ताकि मौत से पहले और बाद की परिस्थितियों को समझा जा सके. इसके साथ ही जांच के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. हालांकि इस दौरान सीबीआई अधिकारियों ने मीडिया से कोई भी बातचीत नहीं की है. 

दोबारा दर्ज हुई FIR 

जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने राज्य पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर को दोबारा दर्ज किया है. इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) के साथ दहेज निषेध अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं. एफआईआर के मुताबिक, घटना वाली रात ट्विशा ने रात 9:41 बजे अपनी मां से फोन पर बात की थी. बातचीत के दौरान उनके पति समर्थ सिंह के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी, जिसके कुछ देर बाद कॉल अचानक कट गई. वहीं बाद में जब परिवार ने दोबारा संपर्क किया तो सास गिरिबाला सिंह ने फोन उठाकर सिर्फ इतना कहा कि ट्विशा अब इस दुनिया में नहीं रहीं.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या मिला? 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदे से लटकना बताया गया है, लेकिन शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने से मामला और गंभीर हो गया है. रिपोर्ट के अनुसार, ये चोटें किसी भारी या भोथरी वस्तु के कारण लगी हो सकती हैं और ये मौत से पहले की बताई जा रही हैं. 

परिवार का आरोप 

इसी बीच ट्विशा के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही दहेज और पैसों के लेन-देन को लेकर उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी. परिवार का दावा है कि लगातार घरेलू हिंसा के कारण ट्विशा बेहद परेशान थी. वहीं, गिरिबाला सिंह पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं. बता दें, इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने भी टिप्पणी करते हुए कहा है कि जांच निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से होगी अदालत ने दोनों पक्षों से अपील की है कि वे मीडिया में बयान देने के बजाय जांच एजेंसी के सामने अपना पक्ष रखें, ताकि जांच प्रभावित न हो. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here