पटना: सासाराम जंक्शन पर सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन संख्या 53212 सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर में अचानक आग लग गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार ट्रेन की एक बोगी में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. हादसे में ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया.
सुबह करीब पौने छह बजे की घटना
बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब पौने छह बजे हुई. उस समय ट्रेन प्लेटफॉर्म संख्या छह पर खड़ी थी और यात्री रोज की तरह उसमें सवार हो रहे थे. इसी दौरान कुछ लोगों ने एक डिब्बे से धुआं उठते देखा. सुबह टहलने निकले लोगों ने तुरंत शोर मचाकर आसपास मौजूद रेलवे कर्मियों और यात्रियों को सतर्क किया. देखते ही देखते स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही रैक प्वाइंट पर मौजूद मजदूर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. थोड़ी ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी स्टेशन पहुंच गई. स्थानीय लोगों और मजदूरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक पांचवीं बोगी पूरी तरह जल चुकी थी. आग को अन्य डिब्बों तक फैलने से रोकने के लिए रेलवे कर्मचारियों ने प्रभावित कोच को बाकी बोगियों से अलग कर दिया. इससे बड़ा हादसा टल गया.
ट्रेन सेवा बाधित होने से यात्री परेशान
इस घटना के बाद ट्रेन सेवा बाधित हो गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्री बस और अन्य साधनों से पटना जाने की व्यवस्था करने लगे. यात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म संख्या सात पर खड़ी सासाराम-आरा सवारी गाड़ी को तय समय पर रवाना किया, ताकि लोगों को राहत मिल सके.
फिलहाल सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन को सासाराम स्टेशन पर ही रोका गया है. घटना की जानकारी मिलते ही डीडीयू रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी जांच के लिए रवाना हो गए हैं. रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है. शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है.
















