भोपाल: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला और उसकी एक महीने की बच्ची के कथित अपहरण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. कब हुई ये घटना और क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
कब हुई ये घटना
बताया जा रहा है कि घटना 8 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे की है, जहां वायरल CCTV फुटेज में कुछ लोग कार से आते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि महिला का लिव-इन पार्टनर अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और महिला को जबरन अपने साथ ले गया. इतना ही नहीं वीडियो में कुछ लोगों के हाथ में डंडे और हथियार भी नजर आ रहे हैं.
फुटेज में आगे देखा जा सकता है कि चार लोग महिला को पकड़कर घर से बाहर लाते हैं और उसे जबरदस्ती कार में बैठा देते हैं. इस दौरान महिला विरोध करती दिखाई देती है, लेकिन आरोपी उसे जबरन ले जाते हैं. वहीं एक युवक चादर में लिपटी मासूम बच्ची को उठाकर ले जाता नजर आता है.
पीड़िता के परिवार का आरोप
इसी बीच पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया है कि युवक और उसके साथ आए लोगों ने घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी. परिवार का कहना है कि उनकी बेटी पिछले चार-पांच वर्षों से आरोपी युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. हाल ही में महिला ने बच्ची को जन्म दिया था और डिलीवरी के बाद वह अपने मायके आई हुई थी.
इस बीच महिला का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में महिला यह कहती सुनाई दे रही है कि वह अपने साथी और उसके परिवार के साथ खुश है और उसके माता-पिता जबरन विवाद खड़ा करना चाहते हैं.
मामले की जांच शुरू
मामले को लेकर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रोहित दुबे ने बताया कि महिला के परिजनों की शिकायत पर नामजद आरोपी और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों को ध्यान में रखकर हर पहलू की जांच कर रही है.















