मोतिहारी: बिहार में जहरीली शराब का खतरा एक बार फिर सामने आता नजर आ रहा है. पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. आशंका जताई जा रही है कि यह मामला जहरीली शराब से जुड़ा हो सकता है.
घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और पुलिस ने मौके से अवैध शराब बरामद कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, मृतक के साथ शराब पीने वाले अन्य लोगों की तलाश भी जारी है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके.
मोतिहारी के गांव में संदिग्ध मौत से हड़कंप
यह मामला मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर टिकैता गांव का है, जहां बनारसी शाह नाम के व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने दोस्त भोला और अन्य साथियों के साथ शराब का सेवन किया था.
शराब पीने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी और स्थिति गंभीर हो गई. इलाज की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
कई लोगों में दिखे बीमारी के लक्षण
सूत्रों के मुताबिक, जिस जगह पर शराब पी गई थी, वहां मौजूद अन्य लोग भी बीमार हो गए हैं. उनमें उल्टी, चक्कर और कमजोरी जैसे लक्षण देखे गए हैं. इससे जहरीली शराब की आशंका और मजबूत हो गई है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मौके से अवैध शराब जब्त की गई है. साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के असली कारण का पता लगाया जा सके.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
बिहार में जहरीली शराब से जुड़ी घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं. हाल ही में मोतिहारी में ही स्प्रिट युक्त शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग बीमार पड़ गए थे.
इसके अलावा साल 2023 में पूर्वी चंपारण में जहरीली शराब के सेवन से 23 लोगों की जान चली गई थी और कई लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई थी.















