पीएम मोदी ने दिल्ली को दी बड़ी सौगात, देश की पहली रिंग मेट्रो का किया उद्घाटन, यात्रा अब होगी तेज और सुगम

0
15
PM Modi gave a big gift to Delhi, inaugurated the country's first ring metro, making travel faster and easier.
PM Modi gave a big gift to Delhi, inaugurated the country's first ring metro, making travel faster and easier.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया, जिसमें देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ शामिल है. मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर लगभग 12.3 किलोमीटर लंबा है, जबकि दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर करीब 9.9 किलोमीटर का है. इन नए सेक्शन के शुरू होने से दिल्ली की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा और उत्तर-पूर्वी तथा उत्तर-पश्चिमी इलाकों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा.इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो फेज-V (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी, जो राजधानी की मेट्रो नेटवर्क को और मजबूत बनाएंगे. इन परियोजनाओं से दिल्लीवासियों को तेज, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का मौका मिलेगा.

मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर

मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर में आठ एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं और यह पहले से संचालित मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा है. इस विस्तार के साथ पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो गई है, जिससे दिल्ली को देश की पहली पूर्ण ‘रिंग मेट्रो’ मिल गई है. इस कॉरिडोर पर स्टेशन हैं. मजलिस पार्क, बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर. इस सेक्शन में यमुना नदी पर नया पुल और मेट्रो लाइन के साथ-साथ सड़क फ्लाईओवर वाला डबल-डेकर वायाडक्ट भी बनाया गया है.

दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर

दूसरा कॉरिडोर दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक है, जो बोटैनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन मैजेंटा लाइन का एलिवेटेड विस्तार है और इसमें सात स्टेशन हैं. इस एक्सटेंशन से मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो गई है. इस सेक्शन पर स्टेशन हैं – दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क. इस कॉरिडोर के कुछ हिस्से लगभग 28.36 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचते हैं, जो दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सबसे ऊंचे एलिवेटेड सेक्शन में से एक है.

दिल्ली मेट्रो को मिलेंगे तीन नए कॉरिडोर

प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो विस्तार योजना के फेज-V (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला रखी – रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी डोमेस्टिक एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन, और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन एक्सटेंशन.9.913 किलोमीटर लंबा सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर भूमिगत होगा और इसमें स्टेशन होंगे – शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ. यह कॉरिडोर केंद्रीय दिल्ली के सरकारी और सांस्कृतिक स्थलों तक बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा.

एरोसिटी-टर्मिनल 1 एक्सटेंशन 2.263 किलोमीटर लंबा भूमिगत होगा जिसमें एक नया स्टेशन बनेगा, जबकि तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज एक्सटेंशन 3.9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड होगा जिसमें स्टेशन होंगे – सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज. नोएडा से आने वाले यात्रियों को कालिंदी कुंज के माध्यम से दक्षिण दिल्ली और एयरपोर्ट तक आसान पहुंच मिलेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here