आर्थिक विवाद में युवक की हत्या, पहचान छिपाने के लिए शव को नमक डालकर पानी की टंकी में दफनाया

0
6

गुरुग्राम: पैसों का विवाद ऐसा खूनी रंग लेगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। मूंगफली बेचकर रोजी-रोटी कमाने वाले दो साझेदारों के बीच चार-पांच साल पुरानी दोस्ती और कारोबार आखिरकार हत्या की वजह बन गया। 25 वर्षीय नईम की चाकू से वारकर और गमछे से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को पुराने पानी के टैंक में खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। ऊपर से नमक छिड़का और मिट्टी डालकर जुर्म के निशान मिटाने की कोशिश की।

लापता नईम का शव पुराने पानी के टैंक से मिला

पुलिस के मुताबिक 8 नवंबर को नईम दिल्ली से बैटरी चार्ज करने का चार्जर लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 11 नवंबर को भाई की शिकायत पर सेक्टर-65 थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने 22 नवंबर को सेक्टर-63ए के कादरपुर टी-प्वाइंट के पास खाली खेत में पुराने पानी के टैंक से शव बरामद किया। मृतक की पहचान नईम के रूप में हुई।

आर्थिक विवाद में हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

जांच में सामने आया कि बाबलू और नईम के बीच आर्थिक लेनदेन को लेकर विवाद था। इसी रंजिश में 8 नवंबर को वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने 26 नवंबर को बदायूं से बाबलू को गिरफ्तार किया। इसके बाद 28 नवंबर को मोहम्मद सुभान और मोहम्मद शहनवाज को भी दबोच लिया। अब तक तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here