'मुझे घर जाने दो, पापा नहीं रहे', SpiceJet फ्लाइट में देरी से परेशान यात्री का दर्द छलका

0
6

नई दिल्ली: किसी अपने के दुनिया छोड़ने की खबर इंसान को अंदर तक तोड़ देती है। ऐसे समय में परिवार के पास पहुंचने की बेचैनी और बढ़ जाती है। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ऐसा ही एक भावुक मामला सामने आया, जहां पिता की मौत की खबर मिलने के बाद पटना जा रहा एक युवक स्पाइसजेट की फ्लाइट में देरी के कारण एयरपोर्ट पर फंस गया। वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होना चाहता था, लेकिन फ्लाइट का इंतजार करते हुए एयरलाइन कर्मचारियों के सामने रोता और मदद की गुहार लगाता रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह वीडियो एक्स पर @BurmeeM मयंक नाम के यूजर ने शेयर किया है। इसमें युवक स्पाइसजेट के ग्राउंड स्टाफ से बात करता दिखाई दे रहा है। वह बार-बार कर्मचारियों से जल्द पटना पहुंचाने की अपील करता है। युवक उन्हें अपने फोन में कुछ दिखाते हुए बताता है कि उसके पिता की मौत हो गई है और वह उन्हें आखिरी बार देखना चाहता है।

दोपहर की फ्लाइट शाम तक हुई लेट

वीडियो में युवक फ्लाइट डिस्प्ले स्क्रीन की ओर इशारा करते हुए देरी पर सवाल उठाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पटना जाने वाली फ्लाइट पहले दोपहर 1:50 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन बाद में इसका समय बदलकर शाम 6:30 बजे कर दिया गया। इस वजह से यात्रियों को कई घंटे इंतजार करना पड़ा। युवक और वीडियो शेयर करने वाले यूजर ने एयरलाइन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यात्रियों को समय पर जानकारी और जरूरी मदद मिलनी चाहिए।

यात्रियों ने लगाए ‘स्पाइसजेट शर्म करो’ के नारे

लंबे इंतजार से परेशान दूसरे यात्रियों ने भी नाराजगी जताई। वीडियो में लोग एयरलाइन के खिलाफ ‘स्पाइसजेट शर्म करो’ के नारे लगाते सुनाई देते हैं। यश डबास ने भी वीडियो साझा कर एयरलाइन से जिम्मेदारी लेने और यात्रियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने की अपील की।

वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने घटना पर दुख और गुस्सा जाहिर किया। कुछ लोगों ने अपने साथ हुई फ्लाइट देरी और बोर्डिंग से जुड़ी परेशानियां भी साझा कीं। एक यूजर ने बताया कि दादाजी की मौत के बाद वह उन्हें आखिरी बार देखने के लिए घर जाना चाहता था, लेकिन एयरपोर्ट पर उसे बोर्डिंग नहीं मिली। लोगों का कहना है कि ऐसे मुश्किल समय में यात्रियों की परेशानी को समझना और उनकी मदद करना बेहद जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here