'योगी जी नहीं तो यूपी नहीं', CM फेस की चर्चा के बीच संजय राउत ने की तारीफ

0
8

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ने लगी है। सत्ताधारी बीजेपी और विपक्षी दलों के बीच चुनावी रणनीति के साथ ही मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर भी चर्चा तेज है। सवाल उठ रहे हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी योगी आदित्यनाथ को ही अपना चेहरा बनाएगी या किसी नए नेता को जिम्मेदारी दी जाएगी।

इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, गुरुवार को मीडिया से बातचीत में राउत ने योगी को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताया। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भी योगी आदित्यनाथ ही उत्तर प्रदेश की कमान संभालेंगे।

संजय राउत ने योगी को बताया सक्षम नेता

संजय राउत ने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है, तो यह तारीफ के काबिल है। उन्होंने योगी को सक्षम व्यक्ति बताते हुए कहा कि वे भी उनसे प्यार करते हैं। राउत ने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ हिंदुत्व का ऐसा चेहरा हैं, जो सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा, ‘योगी जी नहीं तो यूपी नहीं।’ संजय राउत ने यह भी कहा कि अगर योगी ने ऐसा बयान दिया है, तो उन्हें पूरा विश्वास है कि बीजेपी को उत्तर प्रदेश में बहुमत मिलेगा और चुने गए ज्यादातर विधायक उनका समर्थन करेंगे।

 केशव मौर्य ने सीएम चेहरे पर क्या कहा?

इससे पहले बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया था। उन्होंने कहा था कि विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी के निर्वाचित विधायक ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर फैसला करेंगे। उनके इस बयान से संकेत मिला कि पार्टी ने फिलहाल अगले चुनाव के लिए किसी एक चेहरे पर अंतिम मुहर नहीं लगाई है। एएनआई के अनुसार, केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव के दौरान बीजेपी का चेहरा कमल का फूल होता है और पार्टी इसी के आधार पर चुनाव लड़ती है। नतीजे आने के बाद चुने हुए विधायकों की बैठक होती है, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक भी शामिल होते हैं।

खुद को CM पद का दावेदार बताने से किया इनकार

जब केशव प्रसाद मौर्य से पूछा गया कि क्या वह खुद मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में कोई व्यक्ति खुद फैसला नहीं करता। उन्होंने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस को प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां बताते हुए कहा कि बीजेपी में एक तय व्यवस्था के तहत फैसले लिए जाते हैं। साल 2027 में क्या होगा, यह समय आने पर सामने आ जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here