गंगा जल संधि की मियाद खत्म होने को तैयार, शेख हसीना मुद्दे के बीच भारत-बांग्लादेश में बढ़ेगा तनाव?

0
6

नई दिल्ली: नवंबर का आखिरी हफ्ता चल रहा है और दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। 21 और 22 नवंबर को ढाका में दोनों देशों की संयुक्त समिति की 91वीं बैठक हुई थी, लेकिन संधि को आगे बढ़ाया जाएगा या नया समझौता होगा, इस पर चुप्पी बनी हुई है। यह संधि 12 दिसंबर 1996 को हुई थी। तब भारत के प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस पर हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता 30 साल के लिए था। यह संधि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में फरक्का बैराज पर गंगा के पानी को लेकर है और सिर्फ सूखे के मौसम में लागू होती है।

पानी का बंटवारा कैसे होता है

यह व्यवस्था 1 जनवरी से 31 मई के बीच चलती है, जब नदी में पानी कम हो जाता है। इस दौरान हर 10 दिन में पानी के बहाव का हिसाब लगाया जाता है। फरक्का पर पानी की उपलब्धता के हिसाब से बंटवारा तय होता है। अगर पानी 70 हजार क्यूसेक या उससे कम हो, तो दोनों देशों को बराबर हिस्सा मिलता है। 70 हजार से 75 हजार क्यूसेक के बीच पानी होने पर बांग्लादेश को 35 हजार क्यूसेक मिलता है और बाकी भारत को जाता है। 75 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी होने पर भारत को 40 हजार क्यूसेक मिलता है और बाकी पानी बांग्लादेश के हिस्से में जाता है। संधि में न्यूनतम पानी की गारंटी नहीं है, लेकिन एक आपात व्यवस्था जरूर है। अगर लगातार 10 दिन तक पानी का बहाव 50 हजार क्यूसेक से कम रहे, तो दोनों सरकारों को तुरंत बात करनी होगी।

बांग्लादेश में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। कुछ संकेत हैं कि ढाका पुरानी संधि को ही आगे बढ़ाना चाहता है, लेकिन भारत का रुख अलग हो सकता है। 30 साल में हालात काफी बदल चुके हैं। जलवायु परिवर्तन, पानी के प्रवाह में बदलाव और बिहार-बंगाल के विरोध जैसे मुद्दे अब सामने हैं।

विवाद की पुरानी जड़ें

गंगा के पानी को लेकर विवाद तो पूर्वी पाकिस्तान के जमाने से चला आ रहा है। 1950 के दशक में जब भारत ने फरक्का बैराज का प्रस्ताव रखा, तभी से विरोध शुरू हो गया था। 1975 में बैराज बनने के बाद गंगा का पानी हुगली की तरफ मोड़ा गया, जिससे कोलकाता बंदरगाह को फायदा हुआ। 1976 में इसको लेकर बड़ा आंदोलन भी हुआ। इसके बाद 1977, 1982 और 1985 में कुछ समझौते हुए और आखिर में 1996 में लंबी संधि हुई।

राजनीतिक हालात बने रोड़ा

अब सबसे बड़ी दिक्कत राजनीतिक हालात हैं। शेख हसीना भारत में हैं और उन्होंने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है। वहां हिंसक प्रदर्शन हो चुके हैं। ऐसे में 12 दिसंबर से पहले नए समझौते पर पहुंचना मुश्किल दिख रहा है।

संधि खत्म हुई तो क्या होगा

इस संधि में अपने आप आगे बढ़ने का कोई प्रावधान नहीं है। यानी 12 दिसंबर के बाद यह खत्म हो जाएगी। जनवरी से भारत संधि के तहत पानी देने के लिए बाध्य नहीं होगा। जानकारों का मानना है कि भारत अपनी जरूरत के हिसाब से पानी का इस्तेमाल कर सकता है और इसे कूटनीतिक संतुलन के तौर पर भी देख सकता है। वहीं बांग्लादेश के लिए यह बड़ा झटका हो सकता है। वह निचला तटीय देश है। पानी कम हुआ तो रबी फसल, पीने के पानी, सुंदरबन के इको सिस्टम और मिट्टी की उर्वरता पर असर पड़ेगा। खारा पानी बढ़ने से तटीय इलाकों की मुश्किल और बढ़ जाएगी।

भारत और बांग्लादेश के बीच 54 नदियां हैं, लेकिन संधि सिर्फ गंगा को लेकर है। तीस्ता पर पहले से विवाद है। ऐसे में गंगा संधि खत्म हुई तो बांग्लादेश के लिए नई संधि और मुश्किल हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here