Rain Alert: उत्तर में ठंड बढ़ी, दक्षिण में 3 दिन झमाझम बारिश, दिल्ली में सीजन की सबसे सर्द सुबह

0
6

नई दिल्ली:  उत्तर भारत में अब सुबह-शाम स्वेटर निकालने का टाइम आ गया है, तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत में अभी भी बारिश का दौर थमा नहीं है। मौसम विभाग यानी IMD ने अगले तीन दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।पू्र्वी हवाओं के असर से 25 से 27 नवंबर के बीच केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज बारिश होने वाली है। इस दौरान कहीं-कहीं आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

कहां-कहां होगी बारिश?

25 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। केरल और माहे में 29 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच अच्छी बारिश के आसार हैं। लक्षद्वीप में 29 नवंबर को बारिश हो सकती है। वहीं, 25 से 28 नवंबर के दौरान तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश होगी। 25 नवंबर को उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में भी बूंदाबांदी के आसार हैं। केरल, माहे और लक्षद्वीप में 25 से 28 नवंबर तक काफी व्यापक बारिश हो सकती है।

25-26 नवंबर के दौरान अंडमान-निकोबार में बारिश होगी, जबकि 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक तेज बारिश की संभावना है। वहीं, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 27 नवंबर तक बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल-माहे में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में भी तेज हवाएं चलने की संभावना है।

उत्तर भारत में कोहरा और ठंड

दूसरी तरफ उत्तर भारत में मौसम सूखा रहेगा, लेकिन कोहरा परेशान करेगा। 25 से 28 नवंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश में 25 से 29 नवंबर तक कोहरे का असर रहेगा। दिल्ली में बुधवार को इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। सफदरजंग में तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा, जो पिछले दिन से 1.2 डिग्री कम था। लोधी रोड पर 10.1 डिग्री, आयानगर में 10.4 डिग्री, पालम में 11 डिग्री और रिज क्षेत्र में 11.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही, औसत AQI 224 रहा। चार निगरानी केंद्रों पर हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here