Ragi Soup Recipe: ठंड में रोज पिएं रागी का सूप, हड्डियों की सेहत से लेकर स्किन तक को मिलेगा फायदा

0
5

नई दिल्ली: सर्दियों के मौसम में शाम या डिनर के समय कुछ ऐसा पीने का मन करता है, जो शरीर को अंदर से गर्माहट दे और सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। ऐसे में रागी का सूप एक बेहतरीन और सुपरहेल्दी ऑप्शन है। अगर आप भी सर्दियों में रात को हैवी डिनर से बचना चाहते हैं, तो खाने की जगह सूप सबसे अच्छा ऑप्शन है। कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर रागी न केवल हड्डियों को मजबूत बनाती है और खून की कमी दूर करती है, बल्कि इसके नियमित सेवन से त्वचा में प्राकृतिक कसावट और गालों पर गुलाबी निखार भी आता है। अगर आपको लगता है कि रागी का स्वाद फीका लगेगा, तो सब्जियों और सही मसालों के साथ इसे बेहद स्वादिष्ट और चटपटा बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का सबसे आसान तरीका।

आवश्यक सामग्री

रागी का आटा 2-3 बड़े चम्मच, बारीक कटी सब्जियां आधा कप (गाजर, मटर, बीन्स और कॉर्न), अदरक का पेस्ट 1 छोटा चम्मच, मक्खन या देसी घी 1 छोटा चम्मच, काली मिर्च पाउडर आधा छोटा चम्मच, जीरा पाउडर आधा छोटा चम्मच, पानी या वेजिटेबल स्टॉक 2-2.5 गिलास और स्वादानुसार नमक लें। इसके अलावा गार्निशिंग के लिए बारीक कटा हरा धनिया या हरा प्याज रखें।

बनाने की विधि

सबसे पहले एक छोटी कटोरी में 2-3 चम्मच रागी का आटा लें और आधा कप ठंडा पानी मिलाकर बिना गांठ वाला चिकना घोल तैयार कर लें। इस घोल को साइड में रख दें। अब एक पैन या कढ़ाई में 1 छोटा चम्मच मक्खन या देसी घी गरम करें। इसमें बारीक कटा लहसुन, अदरक और अपनी पसंद की कटी हुई सब्जियां डालकर 2 मिनट मध्यम आंच पर भूनें।

सब्जियों को ज्यादा नहीं पकाना है, हल्का क्रंची रखना है। अब इसमें 2 गिलास पानी, नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर सब्जियों को 3-4 मिनट तक पकने दें, ताकि वे थोड़ी सॉफ्ट हो जाएं। अब आंच धीमी करके तैयार किया हुआ रागी का घोल धीरे-धीरे सूप में डालें और लगातार करछी से चलाते रहें, ताकि गांठें न पड़ें।

यही इस रेसिपी का सबसे जरूरी स्टेप है। सूप में उबाल आने दें और धीमी आंच पर 3-5 मिनट तक पकाएं, जब तक सूप हल्का गाढ़ा और शाइनी न हो जाए। ऊपर से भुना जीरा और हरा धनिया डालकर गरमा-गरम रागी सूप बाउल में निकालें और डिनर में इसके शानदार स्वाद का आनंद लें। ये सूप बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सबके लिए फायदेमंद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here