क्रिप्टो ठगी के चार खिलाड़ी गिरफ्तार, फिशिंग लिंक से खाली कर देते थे क्रिप्टो वॉलेट

0
5

नई दिल्ली: क्रिप्टोकरेंसी की दुनिया में मुनाफे का लालच देकर कारोबारियों को लूटने वाले साइबर ठगों के डिजिटल साम्राज्य पर दिल्ली पुलिस ने करारा प्रहार किया है। बाइनेंस पी2पी (Binance P2P) के जरिए अमेरिकी डिजिटल मुद्रा यूएसडीटी बेचने वाले कारोबारियों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोह का दक्षिण-पश्चिम जिला साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी खरीदार बनकर कारोबारियों से संपर्क करते और फिशिंग लिंक भेजकर उनके क्रिप्टो वॉलेट में जमा पूरी रकम उड़ा देते थे। पुलिस ने पीड़ित से ठगी गई 4,985 यूएसडीटी यानी करीब पांच लाख रुपये की पूरी रकम वापस करा दी है।

राजस्थान से दिल्ली तक फैला था नेटवर्क

साउथ वेस्ट जिला डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि एडिशनल डीसीपी 2 कुमार अभिषेक के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। डीसीपी ने बताया 6 जून को शिकायतकर्ता बाइनेंस पी2पी पर यूएसडीटी बेचने के लिए सक्रिय था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खरीदार बनकर उससे संपर्क किया और बातचीत व्हाट्सऐप पर ले गया। सौदा करने के बहाने आरोपी ने फिशिंग लिंक के जरिए उसके क्रिप्टो वॉलेट तक अनधिकृत पहुंच बनाई और 4,985 यूएसडीटी निकाल लिए। मामले में 2 जुलाई को साइबर थाना दक्षिण-पश्चिम जिले में ई-एफआईआर संख्या 337/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) और 61(2) में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई अमित मलिक, हेड कांस्टेबल राकेश, मनोज, सुखलाल, सचिन, महिला हेड कांस्टेबल रेखा, हेड कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल रवि की विशेष टीम बनाई गई। इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक, एसएचओ साइबर थाना के पर्यवेक्षण और एसीपी ऑपरेशन संदीप घई के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल और व्हाट्सऐप नंबरों की पड़ताल से गिरोह के अलवर, राजस्थान से संचालित होने का खुलासा हुआ।

अलवर में छापा, जयपुर से तीन गिरफ्तार

पुलिस टीम ने अलवर में अतुल मीणा के ठिकाने पर छापा मारकर 1.62 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक आईपैड, जियो वाई-फाई राउटर और पांच सिम कार्ड बरामद किए। इसके बाद जयपुर में कार्रवाई कर जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से आठ मोबाइल फोन मिले। लगातार दबिश के बाद मुख्य आरोपी अतुल मीणा को दिल्ली के धौला कुआं के पास से दबोच लिया गया।

किराये के खाते, फर्जी खरीदार और करोड़ों का खेल

जांच में सामने आया कि आरोपी गांवों के युवकों को मुनाफे में हिस्सेदारी का लालच देकर गिरोह में शामिल करते थे। ये युवक इंस्टाग्राम पर विज्ञापन डालकर बाइनेंस खाते किराये पर लेते, सिम कार्ड जुटाते और व्हाट्सऐप तथा इंस्टाग्राम खाते बनाते थे। इसके बाद यूएसडीटी बेचने के इच्छुक कारोबारियों को तलाशकर उनके नंबर अतुल तक पहुंचाते थे। अतुल खुद को असली खरीदार बताकर फिशिंग लिंक भेजता और वॉलेट की पूरी रकम उड़ा लेता था।

चार आरोपी, बड़ी बरामदगी

गिरफ्तार आरोपियों में अतुल मीणा (21), जगमोहन मीणा (19), नरेंद्र कुमार मीणा (22) और मनीष मीणा (24) शामिल हैं। पुलिस ने कुल 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक वाई-फाई राउटर, छह सिम कार्ड और 1.62 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा पीड़ित की पूरी ठगी गई रकम वापस कराई गई है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-द्वितीय कुमार अभिषेक ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह का पर्दाफाश किया है। फिलहाल क्रिप्टो लेनदेन के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और संबंधित एक्सचेंज वॉलेट तथा खातों को सुरक्षित रखने की कार्रवाई जारी है। मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई को एसआई अमित मलिक, हेड कांस्टेबल राकेश, मनोज, सुखलाल, सचिन, महिला हेड कांस्टेबल रेखा, हेड कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल रवि की टीम ने अंजाम दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here