भीड़ के दबाव में अचेत हुई महिला, बांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं पर फिर उठे सवाल

0
6

वृंदावन: ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच व्यवस्थाओं की खामियां एक बार फिर सामने आई हैं। रविवार को दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ के बीच गेट नंबर दो पर एक महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ी। महिला को बेहोशी की हालत में देख वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में चिकित्सक को बुलाकर उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। कुछ देर बाद होश में आने पर महिला अपने पति के साथ रवाना हो गई। इस घटना ने एक बार फिर मंदिर में भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार लखनऊ निवासी 32 वर्षीय रूबी रविवार को अपने पति दिलीप के साथ ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करने पहुंची थीं। मंदिर परिसर और प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव बढ़ने के दौरान गेट नंबर दो के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। भीड़ के बीच महिला को अचेत होता देख उनके पति ने मदद के लिए आवाज लगाई। इसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल चिकित्सक को बुलाया और महिला को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। उपचार के बाद महिला की हालत में सुधार हुआ और वह अपने पति के साथ वहां से चली गई।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। खासकर शनिवार, रविवार और विशेष पर्वों पर मंदिर के आसपास से लेकर प्रवेश और निकास मार्गों तक भीड़ का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को काफी देर तक धक्का-मुक्की और अव्यवस्थाओं के बीच दर्शन करने पड़ते हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए समय-समय पर तमाम व्यवस्थाएं किए जाने के दावे होते रहे हैं, लेकिन भीड़ बढ़ते ही इन दावों की हकीकत सामने आ जाती है।

मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति का गठन किया गया था। समिति के गठन को एक साल से अधिक समय बीतने के बावजूद वीकेंड और पर्वों पर व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। रविवार को महिला के अचेत होने की घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर भारी भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों से निपटने के लिए किए गए इंतजाम कितने प्रभावी हैं।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here