नई दिल्ली: इजरायल की राजनीति में अगली सरकार को लेकर जारी खींचतान के बीच पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने गादी आइजेनकोट को अगली सरकार का नेतृत्व करने के लिए समर्थन दिया है। साथ ही बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाली किसी भी सरकार में शामिल होने की संभावना खारिज कर दी है। इससे गठबंधन की बातचीत में नया मोड़ आया है। B’Yachad पार्टी के नेता बेनेट ने शनिवार को कहा कि वह आइजेनकोट की अगुवाई में ‘जायनिस्ट यूनिटी गवर्नमेंट’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 27 अक्टूबर को हुए अनिर्णायक चुनाव के बाद इजरायल में अगली सरकार के गठन को लेकर दलों के बीच बातचीत जारी है। बेनेट का समर्थन आइजेनकोट के लिए अहम है।
बेनेट ने कहा कि वह अपने राजनीतिक सहयोगियों के साथ मिलकर आइजेनकोट के नेतृत्व में सरकार बनाना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी नेतन्याहू या उनके गुट के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा नहीं बनेगी। राजनीतिक और सुरक्षा संकट से बाहर निकलने के लिए व्यापक समर्थन वाली सरकार चाहिए। बेनेट ने आइजेनकोट को यह लक्ष्य हासिल करने का सबसे मजबूत विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि देशहित में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर साझा सरकार बनाने की कोशिश होनी चाहिए। उनके अनुसार, ऐसी व्यवस्था से इजरायल को स्थिर नेतृत्व मिल सकता है और मौजूदा चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि यह सब हासिल करने का सबसे अच्छा विकल्प एक जायनिस्ट यूनिटी गवर्नमेंट है।’
लिकुड की मंशा पर भी उठाए सवाल
बेनेट ने कहा कि उनकी प्रस्तावित पहल से जल्द स्पष्ट हो जाएगा कि लिकुड वास्तव में एकता वाली सरकार बनाना चाहती है या नहीं। उन्होंने आशंका जताई कि पार्टी गादी आइजेनकोट को मिले जनादेश के बचे हुए 29 दिनों को बातचीत में उलझाकर बर्बाद करने की कोशिश कर सकती है।
नेतन्याहू से मुलाकात के बाद बढ़ी थीं अटकलें
बेनेट का बयान इसलिए अहम है, क्योंकि नेतन्याहू से मुलाकात के बाद उनके अगले कदम को लेकर अटकलें लग रही थीं। स्थानीय मीडिया में खबरें आई थीं कि बेनेट नेतन्याहू की सरकार में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उनके करीबी सूत्रों ने इन खबरों को गलत बताया था। सूत्रों के मुताबिक, बेनेट केवल सत्ता में रोटेशन की व्यवस्था पर बातचीत के लिए तैयार हैं। इस प्रस्ताव के तहत आइजेनकोट पहले प्रधानमंत्री बनेंगे। यानी नई सरकार की शुरुआत आइजेनकोट के नेतृत्व में हो।











