मथुरा: नौहझील में तीन महीने से लापता युवक के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पड़ोस में रहने वाली महिला से फोन पर बातचीत करना युवक को भारी पड़ गया। महिला के पति ने इसे अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए चचेरे भाई के साथ मिलकर पड़ोसी युवक की हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बोरे में भरकर बाइक से यमुना तक ले जाया गया और नदी में फेंक दिया। पहचान और साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक के कपड़े जला दिए गए, जबकि मोबाइल फोन को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका चचेरा भाई फरार है। पुलिस अब यमुना में शव की तलाश करा रही है।
23 अगस्त से लापता था देवेंद्र, कॉल डिटेल से खुला राज
नसरा कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय देवेंद्र पाठक 23 अगस्त की रात अचानक लापता हो गए थे। कई दिन तक उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर बड़े भाई अशोक कुमार ने 12 सितंबर को नौहझील थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने शुरुआत से ही पड़ोस में रहने वाले दंपती पर संदेह जताया था। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की तो कॉल डिटेल में पड़ोसी मोहन के मोबाइल से बातचीत का अहम सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने मोहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, मोहन ने बताया कि देवेंद्र उसकी पत्नी ऊषा से फोन पर बातचीत करता था। इसी बात को लेकर वह देवेंद्र से रंजिश रखने लगा था।
पत्नी से फोन कराकर बुलाया, चचेरे भाई के साथ की हत्या
पुलिस के मुताबिक, मोहन ने हत्या की साजिश रचकर अपनी पत्नी ऊषा से फोन कराया और देवेंद्र को घर बुलवा लिया। उसके पहुंचते ही मोहन ने अपने चचेरे भाई श्यामवीर के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को बोरे में बंद किया और बाइक पर रखकर ठिकाने लगाने निकल पड़े। आरोपियों ने रात करीब साढ़े तीन बजे एक पेट्रोल पंप से 50 रुपये का पेट्रोल खरीदा। इसके बाद शव को यमुना नदी में फेंक दिया। वारदात से जुड़े साक्ष्य मिटाने के लिए देवेंद्र के कपड़ों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। वहीं, उसका मोबाइल निषादराज तिराहे के पास पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया गया। पुलिस ने मोहन को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी पत्नी ऊषा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार श्यामवीर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
यमुना में तलाशी के बावजूद नहीं मिला शव, मोबाइल भी बरामद नहीं
हत्याकांड का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस ने देवेंद्र के परिजनों को जानकारी दी तो परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार सुबह परिजन थाने पहुंचे और युवक का शव बरामद कराने की मांग की। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से यमुना में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक शव का कोई पता नहीं चल सका। दूसरी ओर मोबाइल की बरामदगी के लिए निषादराज तिराहे के पास स्थित गड्ढे का पानी निकलवाया गया, लेकिन वहां भी सफलता नहीं मिली। अब शव की तलाश के लिए बाहर से गोताखोरों की टीम बुलाने की तैयारी की गई है। तीन महीने तक लापता युवक की हत्या का खुलासा होने के बाद कस्बे में चर्चाओं का बाजार गर्म है। एहतियातन पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Reported By: Prem Kaushik












