नई दिल्ली: कभी-कभी सड़क पर दिखा कोई अनजान चेहरा भी जिंदगी को देखने का नजरिया बदल देता है। मुंबई की साक्षी के साथ ऐसा ही हुआ। उन्होंने एक जोमैटो डिलीवरी एजेंट को व्हीलचेयर पर बैठकर ऑर्डर पहुंचाते देखा। उसके चेहरे पर मुस्कान थी और कानों में हेडफोन लगे थे। साक्षी ने यह नजारा कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो में दिख रहे डिलीवरी एजेंट की पहचान आशीष तांबे के रूप में हुई है। साक्षी ने उन्हें देखकर हाथ हिलाकर अभिवादन किया। आशीष अपने काम में लगे रहे, लेकिन उनकी मुस्कान ने लोगों को प्रभावित किया।
आशीष को व्हीलचेयर की मदद से काम करते देख कई यूजर्स ने उनके हौसले और मेहनत की तारीफ की। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की भागदौड़ में हम छोटी खुशियों को भूल जाते हैं, जबकि आशीष का मुस्कुराता चेहरा मुश्किलों के बीच सकारात्मक रहने की प्रेरणा देता है।
साक्षी ने साझा किया जिंदगी का संदेश
साक्षी ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट ‘बियॉन्ड साक्षी’ पर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि कभी-कभी कोई अनजान व्यक्ति भी हमें जिंदगी को नए नजरिए से देखने की वजह दे जाता है। उनका संदेश था कि हालात चाहे जैसे हों, आगे बढ़ने और मुस्कुराने की कोशिश नहीं छोड़नी चाहिए। साक्षी ने वीडियो ऐसे व्यक्ति के साथ साझा करने की अपील की, जिसे सकारात्मकता की जरूरत हो। उन्होंने जोमैटो की तारीफ करते हुए कहा कि अलग-अलग क्षमताओं वाले लोगों को काम के अवसर देना जरूरी है।
पोस्ट के बाद वीडियो तेजी से वायरल हुआ और इसे 40 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। कई यूजर्स ने आशीष को प्रेरणादायक बताया। एक यूजर ने लिखा कि नकारात्मक माहौल के बीच ऐसे लोग उम्मीद देते हैं। दूसरे ने कहा कि दिव्यांग लोग भी मेहनत से सम्मान के साथ अपनी आजीविका कमा रहे हैं।
आशीष की मुस्कान ने जीता दिल
कुछ लोगों ने उनके काम के साथ-साथ खुशमिजाज अंदाज की भी तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि व्हीलचेयर पर रहते हुए भी वह जिस सहजता से अपने सफर का आनंद ले रहे हैं, वह दिल छूता है। दूसरे ने कहा कि मुश्किलों के बावजूद हर पल की कद्र करना जरूरी है। आशीष का वीडियो मेहनत और आत्मसम्मान का संदेश देता है। वह अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। उनकी मुस्कान याद दिलाती है कि हर व्यक्ति की अपनी चुनौतियां होती हैं।












