ग्रेटर नोएडा: जहरीली हवा के बढ़ते खतरे के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रदूषण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। धूल के गुबार से लेकर कूड़ा जलाने और निर्माण स्थलों पर लापरवाही तक, अब हर मोर्चे पर सख्ती की तैयारी है। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर साफ संदेश दिया कि प्रदूषण रोकने के नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर जुर्माने के साथ कड़ी कार्रवाई होगी।
सड़कों से धूल रोकने और हॉटस्पॉट पर निगरानी के निर्देश
बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल मौजूद रहीं। सीईओ ने निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे कच्चे हिस्सों पर घास लगाई जाए, ताकि धूल न उड़े। मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से दिन-रात दो शिफ्टों में सफाई कराई जाए। प्रदूषण के लिहाज से चिह्नित हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखी जाए। एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की संख्या भी जरूरत के मुताबिक बढ़ाई जाए।
निर्माण स्थलों और संस्थानों में चलेगा जागरूकता अभियान
निर्माण स्थलों पर सामग्री ढककर रखने और निर्धारित कूड़ा संग्रह केंद्रों से नियमित कचरा उठाने के निर्देश दिए गए। आरडब्ल्यूए, अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन, स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ई-चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने तथा लकड़ी के अलाव की जगह इलेक्ट्रिक हीटर इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया गया।
कचरा जलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीईओ ने हॉर्टिकल्चर वेस्ट जलाने के बजाय उससे वर्मी कंपोस्ट बनाने की व्यवस्था विकसित करने को कहा। कूड़ा या हरित अपशिष्ट जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। डॉ. बलकार सिंह ने स्पष्ट किया कि सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों का पालन केवल सर्दियों में नहीं, बल्कि पूरे साल करना होगा। बैठक में महाप्रबंधक एके सिंह, उप महाप्रबंधक विजय रावल सहित सभी वरिष्ठ प्रबंधक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Reported By: Pankaj Rai












