अब बिना माउस-कीबोर्ड छुए खुद काम करेगा MacBook! Apple बना रहा इंसानों जैसा AI एजेंट

0
12

नई दिल्ली: कल्पना कीजिए कि आप अपने MacBook के सामने बैठे हैं और बिना कीबोर्ड या माउस को छुए आपका कंप्यूटर खुद ही सारे काम कर रहा है। इंटरनेट पर जानकारी खोजने से लेकर कोडिंग करने तक, हर काम AI की मदद से पूरा हो रहा है। Apple अब इसी तरह की तकनीक विकसित करने की तैयारी में है। कंपनी एक ऐसा AI Agent बनाने पर काम कर रही है, जो इंसान की तरह कंप्यूटर चला सकेगा और यूजर के निर्देश पर कई तरह के काम खुद करने की कोशिश करेगा।

Apple की इस योजना का खुलासा ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने हाल ही में सीनियर इंजीनियरिंग मैनेजर के पद के लिए नौकरी का विज्ञापन जारी किया है। इस पद पर चुने जाने वाले व्यक्ति को ऐसे AI Agent के विकास की जिम्मेदारी मिलेगी, जो कंप्यूटर पर इंसान की तरह काम कर सके।कंपनी के जॉब विज्ञापन के अनुसार, यह एजेंट इंटरनेट ब्राउजिंग और अलग-अलग ऐप्स के इस्तेमाल से जुड़े काम कर सकेगा। जरूरत पड़ने पर यह कमांड चला सकता है, कोड लिख सकता है और उसमें मौजूद गलतियों को ठीक करने में भी मदद कर सकता है। इसका उद्देश्य एक ही निर्देश के आधार पर कई चरणों वाले काम पूरे करना है।

काम के हिसाब से खुद चुनेगा सही टूल

Apple चाहता है कि उसका AI Agent हर काम के लिए सही टूल का चुनाव खुद कर सके। उदाहरण के लिए, किसी जानकारी की जरूरत होने पर यह ब्राउजर खोल सकता है, जबकि कोडिंग के लिए कमांड लाइन और दूसरे जरूरी टूल इस्तेमाल कर सकता है। इसका मतलब है कि यूजर को हर छोटे कदम के लिए अलग-अलग निर्देश देने की जरूरत नहीं होगी। एजेंट अलग-अलग ऐप्स और डिजिटल सेवाओं के बीच तालमेल बनाकर काम आगे बढ़ाएगा। कंपनी इस पूरी तकनीक को यूजर्स की प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए तैयार करना चाहती है।

दूसरे AI Agents की पहुंच पर भी नजर

दिलचस्प बात यह है कि Apple अपना AI Agent तैयार करने के साथ ही दूसरे कंपनियों के ऐसे टूल्स की पहुंच को लेकर भी सतर्क है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, macOS 27.3 अपडेट में ऐसे अलर्ट दिए जा सकते हैं, जो थर्ड पार्टी AI Agents को डिवाइस का पूरा कंट्रोल देने से पहले यूजर्स को सावधान करेंगे। कंपनी डेवलपर्स को बता चुकी है कि इस तरह की अनुमति के लिए यूजर की मंजूरी जरूरी होगी।

Anthropic और OpenAI जैसी कंपनियां पहले ही AI Agents पर आधारित प्रोडक्ट पेश कर चुकी हैं। Meta भी इस क्षेत्र में काम कर रहा है। ऐसे में Apple की एंट्री इस बढ़ती प्रतिस्पर्धा का हिस्सा मानी जा रही है। हालांकि, उसका प्रोजेक्ट अभी शुरुआती चरण में है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अगले साल के अंत तक इसे पेश करने पर विचार कर रही है। फिलहाल लॉन्च की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here