शादी का झांसा, 14 महिलाओं से धोखाधड़ी और फिर विदेश फरारी; इंटरपोल के शिकंजे में फंसा शातिर

0
19

नई दिल्ली: शादी का झूठा वादा, भरोसे का कत्ल और महिलाओं की भावनाओं से खिलवाड़, एक के बाद एक 14 महिलाओं को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाने वाले आरोपी की विदेश में छिपने की चाल आखिरकार नाकाम हो गई। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग के जरिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से वांछित आरोपी मोहम्मद माजिन को भारत वापस लाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को आरोपी कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा।

ऐसे बिछाया धोखाधड़ी का जाल

महाराष्ट्र पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार, आरोपी ने एक महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि उसने महिला का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया तथा धोखे से 18 लाख रुपये भी हासिल कर लिए। मामले में सक्षम अदालत के समक्ष आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।

14 महिलाओं को बनाया कथित शिकार

जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाया। उनसे पैसे ऐंठने के साथ अंतरंग पलों के वीडियो भी रिकॉर्ड किए। इसके बाद आरोपी विदेश भाग गया और कानून की गिरफ्त से बचने की कोशिश करने लगा।

इंटरपोल का रेड नोटिस बना गिरफ्तारी का हथियार

महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (एनसीबी) नई दिल्ली ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश के बाद यूएई अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया।

टीमवर्क से हुई वतन वापसी

सीबीआई, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, महाराष्ट्र पुलिस और यूएई अधिकारियों के समन्वय से प्रत्यर्पण के बजाय निर्वासन की कानूनी प्रक्रिया पूरी हुई। महाराष्ट्र पुलिस की एस्कॉर्ट टीम यूएई पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर 20 नवंबर को भारत लाई। सीबीआई के मुताबिक, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है। वर्ष 2026 में अब तक 74 भगोड़ों की वापसी हो चुकी है। भारतपोल के जरिए अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here