लाइव डिबेट में भिड़ गए दो मेहमान, गाली-गलौज के बाद चले मुक्के-लात, चैनल ने बिना काटे दिखा दिया पूरा वीडियो

0
12

नई दिल्ली: टीवी पर होने वाली राजनीतिक बहसों में अक्सर नेताओं और पैनलिस्टों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिलती है। कई बार बहस इतनी बढ़ जाती है कि मेहमान एक-दूसरे पर निजी हमले करने लगते हैं। लेकिन आर्मेनिया के सरकारी टीवी चैनल पर जो हुआ, वह इससे भी आगे निकल गया। यहां एक डिबेट के दौरान दो मेहमानों के बीच पहले जमकर गाली-गलौज हुई और फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई। दोनों एक-दूसरे पर मुक्के बरसाने लगे और लातों से मारने लगे।

हैरानी की बात यह है कि चैनल ने इस पूरे घटनाक्रम को बिना एडिट किए टीवी पर दिखा दिया। अब आर्मेनिया के टेलीविजन और रेडियो कमीशन (CTR) ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है।

15 नवंबर का है वीडियो

यह वीडियो 15 नवंबर का है, जो आर्मेनिया के सरकारी चैनल पब्लिक टेलीविजन कंपनी ऑफ आर्मेनिया (1TV) के कार्यक्रम ‘द ग्रेट डिबेट’ का है। इस डिबेट में पत्रकार बोरिस मुराजी और राजनीतिक टिप्पणीकार हरुत्युन मक्र्तच्यान शामिल हुए थे। कार्यक्रम में विपक्ष के राजनीतिक एजेंडे पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान मक्र्तच्यान ने मुराज़ी की राजनीतिक ईमानदारी और उनके संबंधों पर सवाल उठा दिए। उन्होंने उन्हें ‘पॉलिटिकल प्रॉस्टिट्यूट’ तक कह दिया और यौन रूप से आपत्तिजनक गालियां दीं।

गुस्से में उठे और जड़ दिया मुक्का

इसके बाद मुराज़ी अपना आपा खो बैठे। वह पोडियम से उठकर मक्र्तच्यान के पास पहुंचे और उन्हें मुक्का मार दिया। देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। दोनों एक-दूसरे को मुक्के और लातों से मारने लगे। स्टूडियो में मौजूद कर्मचारियों और दूसरे लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को अलग किया।

रिकॉर्डेड शो था, फिर भी नहीं काटा हिस्सा

इस मामले में टीवी चैनल की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, यह कार्यक्रम लाइव नहीं था, बल्कि पहले से रिकॉर्ड किया गया था। इसके बावजूद चैनल ने हिंसा और आपत्तिजनक गालियों वाले हिस्सों को एडिट किए बिना प्रसारित कर दिया। CTR ने अपने बयान में चैनल के इस संपादकीय फैसले पर ‘चिंता और हैरानी’ जताई है। कमीशन का कहना है कि एक सरकारी चैनल से इस तरह की जिम्मेदारी की उम्मीद नहीं की जाती। रिकॉर्डेड कार्यक्रम होने के बावजूद आपत्तिजनक हिस्सों को दिखाना गलत फैसला था।

सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो की जमकर चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं कि टीवी डिबेट में अब मुद्दों पर कम और निजी हमलों पर ज्यादा ध्यान दिया जाने लगा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here