मथुरा: विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछाने में जुटी भाजपा ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने को अपनी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बना लिया है। परखम गांव में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय चिंतन शिविर के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगठन को साफ संदेश दिया कि चुनावी तैयारी केवल बैठकों और रणनीति बनाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि कार्यकर्ताओं को सीधे बूथों पर उतरना होगा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जिन मतदाताओं के नाम सूची से कट गए हैं, उन्हें दोबारा जुड़वाने के लिए पूरी ताकत से अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने इसके लिए ‘बूथ पर यूथ’ की रणनीति अपनाने और प्रत्येक बूथ पर युवाओं की सक्रिय टीम तैयार करने पर विशेष जोर दिया।
चिंतन शिविर में एसआईआर और संगठन मजबूती पर चर्चा
चिंतन शिविर में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ संगठन की मजबूती, मतदाता सूची और एसआईआर के प्रभाव पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में भाजपा के रणनीतिकारों ने चिंता जताई कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण में पार्टी के परंपरागत मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में कटे हैं। इसे आगामी चुनाव के लिहाज से गंभीर चुनौती माना गया। चर्चा के दौरान यह बात भी सामने आई कि मतदाता सूची में आई कमी का सीधा असर चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है। ऐसे में पार्टी ने इसे महज प्रशासनिक प्रक्रिया न मानकर संगठनात्मक चुनौती के रूप में लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मुद्दे पर सबसे अधिक जोर देते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए। जिनके नाम कटे हैं, उन्हें नियमानुसार दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें।
बूथ स्तर पर युवा टीम और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने संगठन को निर्देश दिए कि एसआईआर के अगले चरण में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। जिला स्तर से लेकर तहसील, ब्लॉक और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की जाए। प्रत्येक बूथ पर युवाओं की टीम तैयार हो, जो मतदाता सूची का सत्यापन करने के साथ छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान करे और उनके नाम जुड़वाने में मदद करे। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ पर दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए जिला और मंडल स्तर की टीमें तत्काल सक्रिय होकर अभियान को गति दें। पार्टी की रणनीति है कि युवा कार्यकर्ताओं को इस अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाया जाए, ताकि मतदाता सूची में सुधार के साथ बूथ स्तर पर संगठन की पकड़ भी मजबूत हो सके।
एसआईआर के आंकड़े और चुनावी प्राथमिकताएं
बैठक में एसआईआर के आंकड़ों और उससे बदलते राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी मंथन हुआ। मुख्यमंत्री पहले ही मुस्लिम मतदाताओं के अनुपात में 1.65 प्रतिशत वृद्धि और हिंदू मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में कटने का मुद्दा उठा चुके हैं। पार्टी के प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक, एसआईआर से पहले प्रदेश में 15.44 करोड़ मतदाता थे, जबकि पुनरीक्षण के बाद यह संख्या घटकर 13.39 करोड़ रह गई। करीब 2.05 करोड़ मतदाताओं की कमी ने राजनीतिक दलों के बीच बहस तेज कर दी है। भाजपा के लिए यह स्थिति इसलिए भी अहम है, क्योंकि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में अपने समर्थक और पात्र मतदाताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करना चाहती है। परखम के चिंतन शिविर से निकला संदेश साफ है कि 2027 की चुनावी तैयारी में भाजपा अब बूथ प्रबंधन और मतदाता सूची को सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल कर रही है।
Reported By: Prem Kaushik











