उत्तराखंड में दो भीषण सड़क हादसे, बस और बोलेरो खाई में गिरीं, 10 लोगों की मौत

0
18

नई दिल्ली: उत्तराखंड में सोमवार को हुए दो सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी गढ़वाल में श्रद्धालुओं से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी, जबकि रुद्रप्रयाग की क्यूजा घाटी में शादी से लौट रही बोलेरो 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दोनों घटनाओं में कुल 10 लोगों की मौत हुई है और 26 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

पहला हादसा ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर टिहरी गढ़वाल के गुलार बाजार के पास हुआ। यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे खाई में जा गिरी। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, दुर्घटना में छह लोगों की जान चली गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासी और ढालवाला टीमों को मौके पर भेजा गया। बचाव दल ने पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 20 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

डीएम और एसएसपी घटनास्थल के लिए रवाना

हादसे की गंभीरता को देखते हुए टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे भी घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत कार्य में जुटीं। फिलहाल बस के खाई में गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

रुद्रप्रयाग में बोलेरो 500 मीटर गहरी खाई में गिरी

दूसरी दुर्घटना सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले की क्यूजा घाटी में हुई। यहां शादी समारोह से लौट रहे लोगों की बोलेरो करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, अभी उनकी हालत, वाहन में कुल सवार लोगों की संख्या और दुर्घटना की वजह के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

एक ही दिन में दो बड़े हादसे

उत्तराखंड में एक ही दिन के भीतर दो अलग-अलग जिलों में हुए इन हादसों ने कई परिवारों को प्रभावित किया है। टिहरी में श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त हुई, तो रुद्रप्रयाग में शादी से लौट रहे लोग हादसे का शिकार बने। दोनों घटनाओं में राहत और उपचार का काम जारी है। मृतकों की पहचान और दुर्घटनाओं के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here