'बच गए', जान का खतरा या जलसा प्रॉपर्टी विवाद? अमिताभ बच्चन ने किया रहस्यमयी पोस्ट

0
13

मुंबई: अमिताभ बच्चन की सोशल मीडिया पर की गई एक छोटी-सी पोस्ट ने फैंस के बीच बड़ी चर्चा छेड़ दी है। बॉलीवुड के महानायक ने एक्स पर सिर्फ दो शब्द लिखे- ‘बच गए’। इसके बाद लोग जानना चाहते हैं कि आखिर बिग बी किस मुसीबत से बचने की बात कर रहे हैं। खास बात यह है कि उनकी इस पोस्ट के बीच जलसा बंगले के बाहर कथित फायरिंग की साजिश की खबर भी सामने आई है। दरअसल, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हाल ही में दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इनमें से एक को मुंबई में ठहरकर बॉलीवुड के एक बड़े अभिनेता के घर के बाहर गोलीबारी करने का निर्देश दिया गया था।

पुलिस सूत्रों ने इस अभिनेता की पहचान अमिताभ बच्चन के रूप में बताई है। बताया जा रहा है कि विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के इशारे पर यह योजना बनाई गई थी। इसकी वजह 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ी एक कथित टिप्पणी बताई जा रही है, जिसे अमिताभ बच्चन के नाम से जोड़ा गया था। हालांकि, अभिनेता पहले ही ऐसी टिप्पणी करने से इनकार कर चुके हैं। इसी घटनाक्रम के बीच बिग बी की ‘बच गए’ पोस्ट सामने आने से सोशल मीडिया पर दोनों मामलों को जोड़कर देखा जाने लगा। हालांकि, अमिताभ ने पोस्ट का मतलब स्पष्ट नहीं किया है और इसके पीछे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।

संडे दर्शन के दौरान भी बढ़ाई गई थी सुरक्षा

अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित जलसा बंगले के बाहर हर रविवार बड़ी संख्या में प्रशंसक उनकी एक झलक पाने पहुंचते हैं। लेकिन सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण इस परंपरा में बदलाव देखने को मिला है। अक्टूबर में अमिताभ के घर और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। एक रविवार को बिग बी ने बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन किया था। वहीं, 9 नवंबर को वह बिना शीशे के बाहर आए, लेकिन उनके साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

जलसा की मिल्कियत को लेकर भी विवाद

दूसरी ओर, जलसा बंगले को लेकर पारिवारिक विवाद भी सामने आया है। अमिताभ के छोटे भाई अजिताभ बच्चन की पत्नी रमोला बच्चन ने संपत्ति के मालिकाना हक पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि 1993 की गिफ्ट डीड के जरिए जया बच्चन को मालिक बनाया गया था, लेकिन इस दस्तावेज की वैधता और प्रक्रिया पर उन्होंने आपत्ति जताई है। मामला अंधेरी के डिप्टी रजिस्ट्रार के पास है। फिलहाल न तो इस विवाद पर अंतिम फैसला आया है और न ही बिग बी ने अपनी रहस्यमयी पोस्ट का अर्थ बताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here