फिलीपींस के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हुए पीएम मोदी, तीन अहम बैठकों में होंगे शामिल

0
14

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचेंगे। वह आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, ईस्ट एशिया समिट और क्वाड नेताओं की बैठक में हिस्सा लेंगे। 16 और 17 नवंबर को होने वाली इन बैठकों पर दुनिया की नजर रहेगी। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक प्राथमिकताओं के लिहाज से यह यात्रा अहम है। यह दौरा भारत की एक्ट ईस्ट नीति को भी नई गति देगा। प्रधानमंत्री सोमवार सुबह आठ बजे भारत से रवाना हों गए हैं और दोपहर करीब 2:15 बजे मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां उनका औपचारिक स्वागत होगा।

शाम 4:30 बजे वह फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर और प्रथम महिला लुईस अरनेटा-मार्कोस की ओर से आयोजित राजकीय रात्रिभोज में शामिल होंगे। पीएम मोदी राष्ट्रपति मार्कोस के विशेष निमंत्रण पर फिलीपींस जा रहे हैं। शिखर सम्मेलनों के दौरान उनकी कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी। वहां भारतीय समुदाय से मुलाकात भी प्रस्तावित है। इस वर्ष आसियान की अध्यक्षता फिलीपींस के पास है।

समुद्री सुरक्षा और रक्षा साझेदारी पर जोर

2014 के बाद यह मोदी का 13वां आसियान-भारत शिखर सम्मेलन होगा। पिछली बार प्रधानमंत्री कुआलालंपुर में आयोजित सम्मेलन से ऑनलाइन जुड़े थे। इस वर्ष भारत और आसियान समुद्री सहयोग वर्ष मना रहे हैं। हाल में विशाखापत्तनम में मिलन 2026 नौसैनिक अभ्यास और कोच्चि में समुद्री सुरक्षा सम्मेलन आयोजित हुए। रक्षा उपकरणों के निर्यात और साझा सैन्य अभ्यासों से भी दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ा है। मनीला में समुद्री सुरक्षा और रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की उम्मीद है।

आतंकवाद और हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर भारत का रुख

बैठकों में 2026 से 2030 तक की कार्ययोजना की समीक्षा के साथ व्यापार, डिजिटल बदलाव और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर नए समझौतों की संभावना है। ईस्ट एशिया समिट में मोदी स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत का समर्थन दोहराएंगे। समुद्री रास्तों की आजादी और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन पर भी जोर रहेगा। प्रधानमंत्री आतंकवाद, साइबर धोखाधड़ी, मानव और मादक पदार्थों की तस्करी तथा मनी लॉन्ड्रिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने का आह्वान कर सकते हैं।

भारत और आसियान के संवाद संबंध 1992 में शुरू हुए थे। 2027 में इस साझेदारी के 35 वर्ष पूरे होंगे। ऐसे में मनीला की बैठकें आने वाले वर्षों के सहयोग की दिशा तय करने के लिहाज से अहम हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here