बीटा-2 में गोलियों की गूंज, दो शातिर स्नैचर ढेर, 25 हजार का इनामी दीपू उर्फ पप्पू साथी मोनू के साथ मुठभेड़ में घायल

0
10

ग्रेटर नोएडा: अपराधियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत थाना बीटा-2 पुलिस ने सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान दो शातिर चैन स्नैचरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इनमें एक बदमाश दीपू उर्फ पप्पू है जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दूसरा आरोपी मोनू बताया गया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की एक अपाचे मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक 15 और 16 नवंबर की दरम्यानी रात थाना बीटा-2 की टीम ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे दो युवकों को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। लेकिन बदमाश रुकने के बजाय मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा शुरू कर दिया।

कुछ दूरी आगे जाकर बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद उन्होंने पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बावजूद पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों को दबोच लिया।

सात जून से फरार था 25 हजार का इनामी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू पुत्र सुरेंद्र, निवासी गांव बड़ेेसरा, थाना पाली मुकीमपुर, जिला अलीगढ़, वर्तमान निवासी हल्दौनी मोड़, कुलेसरा, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर और मोनू पुत्र तुलसी, निवासी गांव घटकना, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर, वर्तमान निवासी ग्राम भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दीपू उर्फ पप्पू का आपराधिक इतिहास रहा है। सात जून 2026 को पुलिस ने उसके साथी राजेंद्र उर्फ लल्लू को मुठभेड़ के दौरान छीनी गई चैन के साथ गिरफ्तार किया था। उस समय दीपू अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आखिरकार बीटा-2 पुलिस की घेराबंदी में वह अपने साथी के साथ पकड़ा गया।

जमानत पर बाहर था मोनू

पुलिस के मुताबिक दूसरा आरोपी मोनू भी चैन स्नैचिंग की वारदात में पहले गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। वर्तमान में वह जमानत पर बाहर था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य आपराधिक वारदातों, चोरी और झपटमारी के मामलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

चोरी की बाइक और हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है जो सदरपुर, नोएडा से चोरी की गई थी। इसके अलावा दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस (315 बोर) भी बरामद हुए हैं। पुलिस अब बरामद हथियारों और मोटरसाइकिल के संबंध में भी जांच कर रही है।

दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार दीपू उर्फ पप्पू के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में वर्ष 2020 से 2026 तक कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, घर में घुसकर हमला, धमकी, अवैध हथियार रखने, चोरी और लूट से संबंधित धाराएं शामिल हैं। थाना कासना, बादलपुर, ईकोटेक-3, बीटा-2 और सेक्टर-39 में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, मोनू का आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा है। उसके खिलाफ पुलिस अभिलेखों में वर्ष 2018 से 2026 तक कुल 19 मुकदमों का उल्लेख है। इनमें चोरी, लूट, अवैध हथियार, हत्या के प्रयास, मादक पदार्थ और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित मामले शामिल हैं। सूरजपुर, ईकोटेक-3, बीटा-2 और सेक्टर-39 थानों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।

अस्पताल में भर्ती, आगे की जांच जारी

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क, पूर्व की चैन स्नैचिंग की घटनाओं और अन्य संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बरामद मोटरसाइकिल और अवैध हथियारों के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here