नोएडा: लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों की टीम लगातार घाटों और पूजा पंडालों का निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने सेन्ट्रल नोएडा जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित छठ घाटों और पंडालों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए किए गए इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और प्रत्येक घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
हर व्यवस्था पर पैनी नजर
पुलिस उपायुक्त ने घाटों पर बैरिकेडिंग की स्थिति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही के इंतजामों की समीक्षा की। जलाशयों और घाटों पर किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गोताखोरों की तैनाती तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
घाटों पर लगातार गश्त के निर्देश
डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान पुलिसकर्मी केवल निर्धारित स्थानों पर तैनात न रहें, बल्कि घाटों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी भी करें। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर्व आस्था, विश्वास और सामाजिक एकजुटता का महापर्व है। ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सके। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं।
Reported By: Pankaj Rai











