नोएडा: छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। यमुना घाटों से लेकर शहर के प्रमुख पूजा स्थलों तक सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त नोएडा प्रीति यादव ने डीसीपी लाइंस शैलेंद्र कुमार सिंह और संबंधित सहायक पुलिस आयुक्तों के साथ नोएडा जोन के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ओखला बैराज, नोएडा स्टेडियम, सदरपुर, डी पार्क सेक्टर-62 सहित विभिन्न स्थानों पर यमुना घाटों का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए की गई तैयारियों का बारीकी से परीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
घाटों पर सुरक्षा की हर परत की पड़ताल
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को विशेष रूप से परखा गया। यमुना में स्नान और अर्घ्य देने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोताखोरों की तैनाती तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की भी जानकारी ली गई। इसके अलावा घाटों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, उनकी तैनाती के स्थान और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
डीसीपी नोएडा प्रीति यादव ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी प्रबंधन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को घाटों पर लगातार भ्रमणशील रहने तथा यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि पूजा-अर्चना के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। घाटों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रहे और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सक्रिय रहें।
आस्था के साथ सुरक्षा का भरोसा
गौतमबुद्धनगर पुलिस का उद्देश्य छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए नोएडा जोन के सभी संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Reported By: Pankaj Rai












