नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने आदिवासी समाज को न तो समझा और न ही उनकी भलाई की कभी परवाह की। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने आदिवासियों को उनके अधिकार दिलाने और गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम किया है।
प्रधानमंत्री ने यह बात आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम में कही। इस दौरान उन्होंने देशभर के आदिवासी लाभार्थियों से वर्चुअल बातचीत की। लाभार्थियों ने बताया कि सरकारी योजनाओं से उनकी जिंदगी में कितना बदलाव आया है।
बांस वाले कानून पर पिछली सरकारों को घेरा
बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने गुजरात के भरूच जिले के वजीर से बात की। वजीर ने बताया कि उन्होंने 2004 में बांस के काम की ट्रेनिंग ली थी और PM-JANMAN योजना से उन्हें काफी फायदा मिला है। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि अंग्रेजों ने बांस को पेड़ बताकर आदिवासियों के साथ बड़ी चाल चली थी। बांस काटने पर जेल तक हो जाती थी।
Janjatiya Gaurav Diwas celebrates the rich heritage, culture and contributions of India’s tribal communities. https://t.co/jaafdnMJ6n
— Narendra Modi (@narendramodi) November 15, 2026
मोदी ने कहा कि आजादी के बाद यह कानून खत्म हो जाना चाहिए था, लेकिन पिछली सरकारों ने इसे हटाया ही नहीं। उनकी सरकार ने आते ही यह कानून खत्म किया और बांस पर आदिवासियों का पूरा अधिकार सुनिश्चित किया।
पक्का घर मिलने पर बोले लाभार्थी
महाराष्ट्र के यवतमाल के कृष्णा नागोराव टेका ने बताया कि पहले बारिश में रहना बेहद मुश्किल था। कीड़े-मकोड़े भी परेशान करते थे। PM-JANMAN योजना के तहत उन्हें पक्का घर, शौचालय और दूसरी सुविधाएं मिलीं। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि इस मिशन से आदिवासी परिवारों की जिंदगी बदल रही है। हैदराबाद के सबावत अन्वेष ने PM SHRI स्कूलों के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल से छात्रों को उच्च शिक्षा पाने में मदद मिल रही है।
3000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने करीब 3000 करोड़ रुपये की 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें आदिवासी छात्रों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल और PM-JANMAN के तहत 100 मल्टी-पर्पस सेंटर शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 19 नए एकलव्य स्कूलों और 12 ट्राइबल मल्टी-पर्पस मार्केटिंग सेंटर की नींव भी रखी। अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट और मिजोरम के आइजोल में ट्राइबल फ्रीडम फाइटर म्यूजियम का भी उद्घाटन हुआ। यह कार्यक्रम 1 से 15 नवंबर तक मनाए गए जनजातीय गौरव पखवाड़े के समापन पर आयोजित किया गया, जिसका मकसद आदिवासी समाज के योगदान को सम्मान देना था।












