मथुरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक और राजनीतिक स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पार्टी ने मथुरा को अहम केंद्र बनाया है। परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में 16 और 17 नवंबर को भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश सरकार और संगठन के करीब 40 वरिष्ठ नेता शामिल होकर चुनावी चुनौतियों, राजनीतिक समीकरणों और संगठन की तैयारियों पर मंथन करेंगे। 17 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में शामिल होंगे।
शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में तय होगी चुनावी कार्ययोजना
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष सहित प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के प्रभारी भी दोनों दिन बैठक में शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में संगठन की आगामी कार्ययोजना और चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।
ब्रजभूमि से सांस्कृतिक और राजनीतिक संदेश देने की तैयारी
भाजपा की इस अहम बैठक के लिए मथुरा का चयन भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अयोध्या और काशी के बाद ब्रजभूमि को केंद्र में रखकर पार्टी भगवान श्रीकृष्ण की नगरी से सांस्कृतिक और राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है। बैठक के बहाने ब्रज क्षेत्र में संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने के साथ पार्टी अपने वैचारिक आधार को भी धार देना चाहती है। विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के राजनीतिक माहौल और क्षेत्रवार समीकरणों को समझने के लिहाज से भी यह बैठक अहम मानी जा रही है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर होगा मंथन
चिंतन बैठक में बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता की समीक्षा प्रमुख एजेंडे में रहेगी। पन्ना प्रमुखों की भूमिका, शक्ति केंद्रों की स्थिति और निष्क्रिय संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने पर चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व की कोशिश होगी कि चुनाव से पहले बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाए, जिससे मतदाताओं से सीधा संपर्क और संवाद कायम रखा जा सके। नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति भी बनाई जाएगी।
सरकारी योजनाओं और सामाजिक समीकरणों पर भी चर्चा
इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं के समाधान में संगठन की भूमिका पर भी मंथन होगा। संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने के साथ कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने, बदलते जातीय और सामाजिक समीकरणों, विपक्ष की रणनीति तथा सहयोगी दलों के साथ समन्वय जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं। माना जा रहा है कि दो दिवसीय बैठक से निकलने वाले फैसले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति और संगठनात्मक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।












