हिसार पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान जारी, 11 नशा पीड़ितों को मिला उपचार; एक युवक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती

0
14

हिसार: पुलिस अधीक्षक हिसार के नेतृत्व में जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नशा मुक्ति टीम हिसार ने थाना सदर हिसार क्षेत्र के गांव सातरोड़ कलां तथा थाना अर्बन एस्टेट क्षेत्र के कैंट एरिया में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

स्कूल में 175 विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश

गांव सातरोड़ कलां स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में करीब 175 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक श्री नरेंद्र कुमार, अध्यापक श्री विनोद कुमार तथा नशा मुक्ति टीम के सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, पढ़ाई और खेलकूद में रुचि लेने तथा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।

साइबर अपराध और यातायात नियमों की भी दी जानकारी

विद्यार्थियों को साइबर अपराध, महिला अपराध से बचाव और यातायात नियमों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।

लाइब्रेरी और रिहायशी इलाकों में भी पहुंची पुलिस टीम

इसके अतिरिक्त गांव सातरोड़ कलां की लाइब्रेरी में कोचिंग के लिए पहुंचे करीब 25 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। गांव में नुक्कड़ सभा आयोजित कर ग्रामीणों, आदर्श कॉलोनी और कैंट क्षेत्र के निवासियों तथा नशा पीड़ितों से संवाद किया गया।

नशे की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने की अपील

टीम ने बताया कि नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर कर देता है। आमजन से अपील की गई कि वे नशे की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें तथा नशा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।

11 नशा पीड़ितों को उपचार और दवाइयां उपलब्ध करवाईं

हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार, दवाइयां और काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

आज अभियान के दौरान 2 नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें से एक को पहली बार नागरिक अस्पताल से दवाइयां दिलवाई गईं। इसके अतिरिक्त 5 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार में दूसरी बार आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं, उनके ब्लड टेस्ट करवाए गए और काउंसलिंग करवाई गई।

वहीं, नशा मुक्ति टीम द्वारा घर जाकर 5 नशा पीड़ितों को पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इस प्रकार कुल 11 नशा पीड़ितों को उपचार एवं दवाइयों की सुविधा से जोड़ा गया। अभियान के दौरान एक नशा पीड़ित युवक टीम की काउंसलिंग और प्रेरणा से नागरिक अस्पताल हिसार के नशा मुक्ति केंद्र में उपचार के लिए दाखिल हुआ।

एसपी हिसार ने नशामुक्त समाज बनाने का दिया संदेश

पुलिस अधीक्षक हिसार ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हिसार पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को उपचार और सही मार्गदर्शन देकर समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी है।

उन्होंने आमजन, अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना हिसार पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके और किसी युवा का भविष्य नशे की भेंट चढ़ने से बचाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here