महंगाई के बीच मुंबई वालों को झटका, फिर बढ़े CNG के दाम; अब एक किलो के लिए देने होंगे इतने रुपये

0
13

मुंबई: महंगाई से परेशान मुंबई के लोगों को एक और झटका लगा है। रविवार, 15 नवंबर से सीएनजी 1.50 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है। नई दर के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र में इसका भाव 91.50 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। पिछले करीब ढाई महीने में सीएनजी 5.50 रुपये प्रति किलो महंगी हुई है। इसका असर ऑटो-रिक्शा, टैक्सी चालकों और निजी वाहन चालकों की जेब पर पड़ेगा। महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने नई दरें 14 नवंबर की आधी रात से लागू कीं। इससे पहले 1 नवंबर को कंपनी ने सीएनजी एक रुपये प्रति किलो महंगी की थी।

जनवरी 2026 में मुंबई में सीएनजी 80.50 रुपये प्रति किलो मिल रही थी। यानी साल की शुरुआत से अब तक 11 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। यह करीब 14 फीसदी का इजाफा है। इस साल मुंबई में सीएनजी के दाम आठ बार बढ़ाए गए हैं। फरवरी में 50 पैसे और अप्रैल में एक रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई थी। मई में दो बार दो-दो रुपये प्रति किलो दाम बढ़े। इसके बाद सितंबर में दो रुपये, अक्टूबर में एक रुपये और 1 नवंबर को फिर एक रुपये की बढ़ोतरी की गई। अब 15 नवंबर से 1.50 रुपये प्रति किलो की नई वृद्धि लागू हुई है। सीएनजी इस साल के सबसे ऊंचे भाव पर पहुंच गई है।

क्यों बढ़ रहे हैं सीएनजी के दाम?

एमजीएल के अनुसार, घरेलू प्राकृतिक गैस की उपलब्धता घटने और खरीद की लागत बढ़ने से कीमतों में बदलाव करना पड़ा है। मांग पूरी करने के लिए कंपनी को ज्यादा मात्रा में आयातित री-गैसीफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (आरएलएनजी) खरीदनी पड़ रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमत भी बढ़ी है। मध्य पूर्व के तनाव को भी इसकी वजह बताया गया है। एमजीएल का कहना है कि नई दरों से बढ़ी लागत का कुछ हिस्सा पूरा होगा। इससे उपभोक्ताओं को सीएनजी की सप्लाई जारी रखने में मदद मिलेगी।

करीब 12.93 लाख वाहनों पर पड़ेगा असर

मुंबई महानगर क्षेत्र में लगभग 12.93 लाख वाहन सीएनजी से चलते हैं। इनमें ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, निजी कारें और सार्वजनिक परिवहन के वाहन शामिल हैं। इससे इनका रोजाना खर्च बढ़ेगा। खासकर ऑटो और टैक्सी चालकों पर असर पड़ सकता है, क्योंकि ईंधन का खर्च उनकी कमाई से सीधे जुड़ा है। बढ़ी लागत का कुछ बोझ यात्रियों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में किराये में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here