चीन से बातचीत में न दिखाएं कमजोरी, PM बालेन शाह ने नेपाली 20 सांसदों को दी नसीहत, भारत दौरे पर भी नजरें

0
11

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपने पहले विदेश दौरे पर 22 नवंबर को भारत आ रहे हैं। परंपरा के मुताबिक नेपाल के पीएम सबसे पहले भारत आते रहे हैं। नेपाली प्रधानमंत्री के इस दौरे पर एक और पड़ोसी देश चीन की नजरें हैं। यही वजह है कि बालेन शाह को यह डर सता रहा है कि कहीं इस दौरे से चीन नाराज न हो जाए। इसी वजह से बालेन शाह ने भारत यात्रा से ठीक पहले अपनी पार्टी RSP के 20 सांसदों को बीजिंग रवाना किया है।

बालेन शाह ने अपने सांसदों को निर्देश दिया है कि वे चीन के अंदर नेपाल के हितों को बढ़ावा दें। विश्लेषकों का कहना है कि बालेन शाह ने दोनों ही शक्तिशाली पड़ोसी देशों के बीच संतुलन को बनाए रखने के लिए इन सांसदों को बीजिंग भेजा है।

अभी तक नहीं की कोई विदेश यात्रा

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने मार्च में सत्ता संभाली थी लेकिन अभी तक वह किसी भी देश की यात्रा पर नहीं गए हैं। नेपाली सूत्रों का कहना था कि बालेन शाह पहले युवाओं के प्रदर्शन से जुड़े घरेलू मुद्दों को सुलझाना चाहते थे। इसके अलावा बालेन शाह चाहते थे कि उनकी भारत यात्रा केवल फोटो खिंचवाने के लिए न हो। वह इस यात्रा के जरिए कुछ ठोस हासिल करना चाहते थे ताकि नेपाल की जनता को दिखाया जा सके।

बालेन शाह ने पहले भारतीय विदेश सचिव से मिलने से इंकार कर दिया था लेकिन अब दोबारा जब उनकी यात्रा हुई तो उन्होंने मुलाकात करके अपने रुख में बदलाव का संकेत दिया।

दो हफ्ते चीन में रहेंगे सांसद

नेपाली सांसदों का यह दल रविवार को रवाना हो रहा है और करीब 2 सप्ताह तक चीन में रहेगा। इस सांसदों के दल ने बालेन शाह से मुलाकात की है और इस दौरान उन्हें सलाह दी गई कि वे चीन में बीआरआई प्रोजेक्ट, चीन के वित्तपोषण वाले प्रोजेक्ट, टूरिज्म, आर्थिक सहयोग और द्विपक्षीय समझौतों को लागू करने पर जोर दें।

काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक बालेन शाह ने यह भी खुली छूट अपने सांसदों को दी है कि वे नेपाल से जुड़े मामले चीन में खुलकर उठा सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि बालेन शाह इस दौरे के जरिए यह दिखाना चाहते हैं कि वह किसी एक देश के साथ नहीं हैं।

आंखों में आंख डालकर बात करने का निर्देश

बालेन शाह ने नेपाली सांसदों से यह भी कहा है कि वे चीन के नेताओं से आंखों में आंख डालकर बात करें। यह न समझें कि नेपाल एक छोटा देश है। नेपाली विश्लेषकों का कहना है कि बालेन शाह ने इस संदेश के जरिए यह दिखाने की कोशिश की है कि नेपाल की नई सरकार किसी के आगे झुकेगी नहीं और पूरे आत्मविश्वास के साथ बात करेगी।

बालेन शाह ने चीन के कर्ज का जाल कहे जाने वाले बेल्ट एंड रोड परियोजना के प्रति भी आगाह किया और कहा कि इसको लेकर काफी विवाद है। ऐसे में इस विषय पर पूरी सतर्कता के साथ ही बात करें। नेपाली पीएम ने कहा कि चीन ने एयरपोर्ट के लिए जो लोन दिया है, उसे ग्रांट में बदलने पर भी बात करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here