नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर भारत और ढाका के बीच बातचीत की खबर है। बीबीसी बांग्ला के मुताबिक, भारत उनकी स्वदेश वापसी के पक्ष में है, लेकिन दो गारंटी चाहता है। पहली, वापसी की जिम्मेदारी बांग्लादेशी सेना संभाले और दूसरी, हसीना को निष्पक्ष सुनवाई मिले। भारत ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हिंसा के बीच देश छोड़कर भारत आ गई थीं। प्रदर्शनकारियों की भीड़ उनके सरकारी आवास में घुस गई थी। वह सेना के विमान से भारत पहुंची थीं। अब उन्होंने दिसंबर में लौटने की इच्छा जताई है। 12 नवंबर की रिपोर्ट में अज्ञात भारतीय अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि नई दिल्ली उनकी वापसी के खिलाफ नहीं है।
भारत की पहली शर्त: सेना संभाले वापसी की जिम्मेदारी
रिपोर्ट के अनुसार, भारत चाहता है कि हसीना की वापसी का जिम्मा बांग्लादेशी सेना उठाए। ढाका दिल्ली से सैन्य विमान भेज सकता है या सेना सीमा के पास तय जगह पर उन्हें रिसीव कर सकती है।
दूसरी शर्त: अपील और निष्पक्ष सुनवाई का मौका
भारत चाहता है कि हसीना को मौत की सजा के खिलाफ अपील का अवसर मिले। साथ ही, जुलाई 2024 की हिंसा से जुड़े आरोपों पर मुकदमे की नए सिरे से निष्पक्ष सुनवाई हो। भारत चाहता है कि इस प्रक्रिया पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और वैश्विक मीडिया की नजर रहे। एक अज्ञात अधिकारी ने कहा कि भारत उन्हें फांसी के लिए नहीं सौंप सकता।
पासपोर्ट आवेदन के बाद बढ़ी हलचल
हसीना ने 9 नवंबर को नए पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों के लिए आवेदन किया था। इसे बांग्लादेश सरकार से उनका पहला आधिकारिक संपर्क बताया गया। ढाका से सकारात्मक जवाब नहीं आया और कुछ नेताओं ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग दोहराई। बांग्लादेश की अदालत उन्हें मौत की सजा सुना चुकी है, लेकिन भारत ने प्रत्यर्पण पर कार्रवाई नहीं की है। रिपोर्ट में दावा है कि दोनों देशों के बीच कई महीनों से बातचीत जारी है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में भारत के उच्चायुक्त और बांग्लादेश के सेना प्रमुख की मुलाकात हुई थी। फिलहाल दिसंबर में हसीना की वापसी मुश्किल बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत को लगता है कि ढाका सार्वजनिक रूप से प्रत्यर्पण मांग रहा है, लेकिन उनकी वापसी से पैदा होने वाली राजनीतिक मुश्किलों से बचना चाहता है। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।











