नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर आरोप है कि उन्होंने ऑनलाइन रिश्ते के दौरान पाकिस्तानी खुफिया नेटवर्क से जुड़ी संदिग्ध महिला को सैन्य योजनाओं और तैनाती की गोपनीय जानकारी दी। दिल्ली पुलिस की चार्जशीट के मुताबिक, अधिकारी निजी तस्वीरों के बदले ‘सीक्रेट वॉर प्लान’ के दस्तावेज साझा कर रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोनों के बीच 12 जनवरी से 1 अप्रैल 2026 तक WhatsApp पर बातचीत हुई। जांचकर्ताओं को 3,008 टेक्स्ट मैसेज, 65 तस्वीरें, 42 वॉयस कॉल, चार वीडियो कॉल और छह URL मिले।
चार्जशीट में आरोप है कि अधिकारी ने महिला से एक निजी तस्वीर मिलने के बाद ‘सीक्रेट वॉर प्लान’ लिखे दस्तावेज का एक पन्ना साझा किया। इसके बाद उसने और तस्वीरों के बदले दस्तावेज के बाकी पन्ने देने की पेशकश की। पुलिस के मुताबिक, उसने हर न्यूड तस्वीर के बदले युद्ध योजना का एक नया पन्ना देने की बात कही। जांचकर्ताओं का दावा है कि अधिकारी ने गोपनीय ड्रोन यूनिट की क्षमता, संगठन और परीक्षण की जानकारी साझा की। इसके अलावा लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती, सूरतगढ़ की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में हुए अभ्यास का ब्योरा देने का भी आरोप है।
पांच अधीनस्थों के डिवाइस में स्पाइवेयर
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध ऑपरेटिव ने अधिकारी को ऐसे ऐप भेजे थे, जिनसे उनके डिवाइस में मौजूद आधिकारिक संदेशों और संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाई जा सकती थी। आरोप है कि अधिकारी ने अपनी यूनिट के पांच अधीनस्थों के ICT डिवाइस में भी खास मैलवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल किया। इससे दूसरे उपकरणों और बातचीत तक अनधिकृत पहुंच का खतरा था।
30 मई को हुई थी गिरफ्तारी
मामला मई 2026 में सामने आया था। वायुसेना अधिकारियों की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने 30 मई को विंग कमांडर को सरकारी गोपनीयता कानून के तहत गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया। जांच एजेंसियों को शक है कि सोशल मीडिया पर अधिकारी से संपर्क करने वाली महिला पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के लिए काम कर रही थी। निजी परेशानियों के दौर में शुरू हुई बातचीत वीडियो कॉल तक पहुंची। इसके बाद महिला ने सैन्य कर्मियों और तैनाती से जुड़ी जानकारी मांगी। जांच में डिजिटल मंचों के जरिए भारतीय रक्षा कर्मियों को निशाना बनाने वाले बड़े जासूसी नेटवर्क की आशंका भी जताई गई है।












