नई दिल्ली: पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI ने भारत को अस्थिर करने के लिए नया प्लान तैयार किया है। इस बार उसके निशाने पर खास तौर पर पंजाब है। इसके लिए ISI विदेशों में स्थित गुरुद्वारों और प्रवासी नेटवर्क के जरिए जाल बुन रही है। ये दावा एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने पंजाब को अशांत करने के लिए लाहौर में 79 साल बाद एक ऐतिहासिक गुरुद्वारा फिर से खोला है और एक और बड़े सिख धर्मस्थल को बड़ा करने का ऐलान किया है। भारतीय खुफिया एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और ISI की इस चाल को लेकर सतर्क हैं।
कौन सा गुरुद्वारा खोला गया?
लाहौर के टेंपल रोड पर स्थित गुरुद्वारा छेवीं पातशाही श्री गुरु हरगोबिंद साहिब 1947 में बंटवारे के बाद से बंद था। इसे 8 नवंबर को एक भव्य कार्यक्रम के बाद फिर से खोल दिया गया। इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड के अधिकारी, पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य और सिख धार्मिक नेता शामिल हुए।
इसी मौके पर बोर्ड ने लाहौर के चूना मंडी में स्थित गुरुद्वारा जन्म स्थान गुरु राम दास जी को बड़ा करने का भी ऐलान किया। इस गुरुद्वारे को गुरु राम दास जी का जन्मस्थान माना जाता है।
धार्मिक पर्यटन के बहाने प्रभाव बढ़ाना
रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान की इन हरकतों का मकसद धार्मिक पर्यटन को एक जरिया बनाकर भारत और विदेशों में सिखों के बीच अपना प्रभाव बढ़ाना है। पाकिस्तान खुद को सिख धर्म के सबसे बड़े संरक्षक के तौर पर पेश करना चाहता है, ताकि दुनिया भर के सिख उसकी यात्रा पर आएं। इसके जरिए ISI उन लोगों तक पहुंच बनाना चाहती है, जो खालिस्तान की मांग करते हैं और सिखों के बीच इस मुद्दे को लेकर सक्रिय हैं। सूत्रों का कहना है कि ISI पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले भारत में अपनी गतिविधियां बढ़ाना चाहती है।
पाकिस्तान में सिखों की स्थिति
पाकिस्तान की 7वीं जनगणना के मुताबिक वहां सिखों की आबादी सिर्फ 15,988 है, हालांकि गैर सरकारी रिपोर्ट्स में ये संख्या 50 हजार से ज्यादा बताई जाती है। आजादी के समय पाकिस्तान में करीब 20 लाख सिख थे, लेकिन विभाजन के बाद बड़ी संख्या में सिख भारत आ गए और लाखों मारे गए। पाकिस्तान में सिखों के कई अहम धार्मिक स्थल हैं, जिनमें ननकाना साहिब का गुरुद्वारा जनम स्थान, करतारपुर का गुरुद्वारा दरबार साहिब, हसन अब्दाल का गुरुद्वारा पंजा साहिब, लाहौर का गुरुद्वारा डेरा साहिब, महाराजा रणजीत सिंह की समाधि और एमिनाबाद का गुरुद्वारा रोरी साहिब प्रमुख हैं।
भारतीय एजेंसियों का मानना है कि पाकिस्तान गुरुद्वारों को फिर से खोलने के नाम पर धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल कर रहा है। असली मकसद सिखों के बीच पैठ बनाना और पंजाब में अशांति फैलाना है।









