बिहार में दिल दहला देने वाली वारदात! पति ने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेता, हत्या के बाद किया सरेंडर

0
11

मुंगेर: बिहार के मुंगेर में घरेलू विवाद के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस के पास पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है। वहीं, दंपती की दो छोटी बेटियों के सिर से मां का साया उठ गया। मृतका के मायके वालों ने पति और उसके परिवार पर लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

यह घटना आदर्श थाना जमालपुर क्षेत्र में सदर बाजार फाड़ी के पास हुई। मृतका की पहचान पूजा देवी के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक, पूजा की शादी साल 2015 में धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर निवासी दशरथ मंडल से हुई थी। दशरथ मूल रूप से भागलपुर के इशाकचक का रहने वाला बताया गया है। वह रेलवे में लोको पायलट के पद पर काम कर चुका था और बाद में वीआरएस लेकर सेवानिवृत्त हो गया था। इस दंपती की दो बेटियां हैं।

दहेज और मारपीट का आरोप

मृतका के परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई थी। घर में अक्सर विवाद होता था। परिवार के लोगों ने कई बार दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन हालात नहीं सुधरे। एक बार विवाद पुलिस तक भी पहुंचा था। पूजा के भाई शुभम कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। करीब एक साल पहले भी उसके साथ मारपीट हुई थी। उस समय थाने में शिकायत दी गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।

बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे जमालपुर पुलिस ने शुभम को फोन कर बहन की हत्या की जानकारी दी। इसके बाद मायके के लोग घटनास्थल पहुंचे। वहां पूजा का शव खून से लथपथ पड़ा था और उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे। उधर, आरोपी दशरथ मंडल ने हत्या के बाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत, जांच जारी

सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जमालपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पति ने सरेंडर कर दिया है। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। दो मासूम बच्चियों के सामने अब मां के बिना जिंदगी बिताने की चुनौती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here