आस्था को मिला पक्का घाट, छठ महापर्व की भव्य तैयारी, पक्की सीढ़ियों से लेकर सुरक्षा तक किए गए विशेष इंतजाम

0
11

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित विद्यापति छठ घाट अब छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की आस्था का नया केंद्र बनने जा रहा है। वर्षों से स्थायी और पक्के छठ घाट की प्रतीक्षा कर रहे पूर्वांचल एवं बिहार के लाखों लोगों का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। इस नवनिर्मित पक्के छठ घाट का उद्घाटन 15 नवंबर को शाम 5 बजे पूर्वी दिल्ली के सांसद एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा करेंगे।

आस्था को मिला स्थायी ठिकाना, बदलेगी छठ पूजा की तस्वीर

इस बार विद्यापति छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाट पर पक्की सीढ़ियों का निर्माण कराया गया है, ताकि व्रती महिलाएं और श्रद्धालु आसानी से पानी तक पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें। सुरक्षा के मद्देनजर घाट के चारों ओर बैरिकेडिंग, बल्लियों और रस्सियों के माध्यम से घेराबंदी की गई है। किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

घाट परिसर में जेसीबी मशीनों के माध्यम से साफ-सफाई कराई जा रही है। श्रद्धालुओं के बैठने और आने-जाने वाले स्थानों को व्यवस्थित किया जा रहा है। नहरो और घाट के आसपास भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि छठ पूजा के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित की जा सकें।

पार्षद संजीव कुमार लगातार संभाल रहे हैं मोर्चा

अशोक नगर के पार्षद संजीव कुमार स्वयं निर्माण एवं व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। वह मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी हो जाएं। उनका विशेष जोर इस बात पर है कि पूजा के दौरान किसी भी व्रती, महिला, बुजुर्ग या श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।

पार्षद संजीव कुमार के मुताबिक न्यू अशोक नगर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पूर्वांचल एवं बिहार के परिवार रहते हैं। हर वर्ष छठ पूजा के दौरान अस्थायी व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने कई वर्षों से यहां स्थायी और पक्का छठ घाट बनवाने के लिए प्रयास शुरू किए थे। इस संबंध में उन्होंने लगातार पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा से बातचीत की और श्रद्धालुओं की भावनाओं से उन्हें अवगत कराया।

सांसद के प्रयास से साकार हुआ वर्षों पुराना सपना

श्रद्धालुओं की आस्था और पार्षद संजीव कुमार के लगातार प्रयासों को देखते हुए सांसद हर्ष मल्होत्रा ने यहां पक्के घाट और सीढ़ियों के निर्माण की पहल की। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया, जो अब लगभग पूरा हो चुका है। अब यह घाट पूर्वांचल और बिहार के लोगों को छठ महापर्व के अवसर पर बेहतर एवं व्यवस्थित पूजा स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

15 नवंबर को होने वाला उद्घाटन कार्यक्रम क्षेत्र के लोगों के लिए विशेष उत्साह का अवसर होगा। स्थानीय श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि इस स्थायी घाट के निर्माण से आने वाले वर्षों में छठ पूजा और अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगी। इस बार संदेश साफ है आस्था भी होगी भव्य, व्यवस्था भी होगी मजबूत। विद्यापति छठ घाट पर सूर्य उपासना के साथ वर्षों पुराना सपना हकीकत बनने जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here