पटना: बिहार की सियासत में पिछले कुछ दिनों से बीजेपी और जेडीयू के बीच मनमुटाव की खबरें चल रही हैं। साथ ही ये अटकलें भी लगाई जा रही थीं कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार एक बार फिर महागठबंधन में लौट सकते हैं। इस पर अब जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इन सभी खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। श्रवण कुमार ने साफ कहा कि नीतीश कुमार के महागठबंधन में लौटने की बातों में कोई सच्चाई नहीं है।
NDA की ही रहेगी सरकार
श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में फिलहाल एनडीए की सरकार है और आगे भी एनडीए की ही सरकार रहेगी। उन्होंने माना कि बीजेपी और जेडीयू के बीच मतभेद की बातें सामने आई हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि गठबंधन टूट रहा है। सियासी गलियारों में चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि राजनीति में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहती हैं, लेकिन ऐसी चर्चाओं का कोई मतलब नहीं है। डबल इंजन की सरकार में राज्य के विकास के लिए काम हो रहा है।
MLC चुनाव के बाद बढ़ा विवाद
श्रवण कुमार ने ये भी स्वीकार किया कि हाल ही में हुए विधान परिषद (MLC) चुनाव के बाद बीजेपी और जेडीयू के बीच कुछ मुद्दे सामने आए हैं। गठबंधन के भीतर इन सभी बातों की गंभीरता से समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि MLC चुनाव के दौरान कहां गलती हुई, कहां गड़बड़ी हुई और कहां भरोसा टूटा, इन सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई है। आपसी मतभेदों को कैसे दूर किया जाए और भरोसा कैसे बहाल किया जाए, इस पर भी बात हुई है। अब पार्टी का आलाकमान इस पूरे मामले पर अंतिम फैसला लेगा।
क्यों पैदा हुए मतभेद?
दरअसल, पूरा विवाद बिहार विधान परिषद के हालिया चुनाव से जुड़ा है। MLC चुनाव से पहले बीजेपी और जेडीयू के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन चुनाव में दो निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी ने जेडीयू के प्रत्याशियों को हरा दिया। इसके बाद दोनों नेता बीजेपी कार्यालय पहुंचे और बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में पार्टी को समर्थन देने की घोषणा कर दी। बाद में बीजेपी और दोनों नेताओं की तरफ से कहा गया कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता नहीं ली है, बल्कि सिर्फ बीजेपी को समर्थन दिया है।
JDU के अंदर नाराजगी
राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी के बीजेपी के करीब जाने की घटना से जेडीयू के भीतर नाराजगी है। लेकिन पार्टी का कोई भी नेता खुलकर इस पर बोलने से बच रहा है। यहां तक कि MLC चुनाव हारने वाले जेडीयू के दोनों प्रत्याशी आनंद पुष्कर और अभिषेक कुमार झा ने जब इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का ऐलान किया था, तो जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें रोक दिया था।
जेडीयू की नाराजगी की वजह ये है कि जिन लोगों ने जेडीयू उम्मीदवारों को हराया, उन्हीं को बीजेपी की ओर से साथ जोड़ने की पहल की गई। इस पूरे मामले ने गठबंधन के भीतर आपसी तालमेल पर सवाल खड़ा कर दिया है।












