मथुरा में पकड़े गए फर्जी ED अफसर ने पुलिस वाहन से कूदकर की आत्महत्या की कोशिश, भेजा जेल

0
8

मथुरा: दो साल तक खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर अधिकारियों पर रौब गांठने वाले फर्जी अफसर ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या की कोशिश की। चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय आरोपित सचिन शर्मा पुलिस वाहन से रेलवे पुल पर अचानक कूद गया। यह देख पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर उसे तत्काल पकड़ लिया। उधर, पूछताछ में ठगी के खेल में पिता की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। पिता के बैंक खाते में ठगी के 32 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब पिता-पुत्र के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने की तैयारी में है।

ईडी अधिकारी बनकर अधिकारियों पर रौब गांठने वाला सचिन गिरफ्तार  

फरह थाना क्षेत्र के दीनदयाल धाम स्थित नगला बर निवासी सचिन शर्मा करीब दो वर्षों से खुद को ईडी का अधिकारी बताकर जिले के अधिकारियों पर रौब जमा रहा था। सोमवार दोपहर वह सीओ रिफाइनरी कार्यालय पहुंचा था। वहां सीओ ने उसके ईडी अधिकारी होने पर संदेह जताते हुए साक्ष्य मांगे तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद लखनऊ स्थित ईडी मुख्यालय से संपर्क किया गया, जहां सचिन के फर्जी अधिकारी होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसे उसकी कार समेत गिरफ्तार कर लिया।

पिता की सलाह पर ठगी, खाते में 32 लाख मिले

पूछताछ के दौरान सचिन ने अपने पिता सुरेश शर्मा की भूमिका का भी खुलासा किया। आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने ही उसे नौकरी करने के बजाय ऐसा काम करने की सलाह दी थी, जिससे बिना मेहनत के आराम से जिंदगी गुजारी जा सके। इसके बाद उसने लोगों को झांसे में लेकर ठगी करना शुरू कर दिया। ठगी से हासिल रकम वह अपने पिता के बैंक खाते में जमा कराता था। पुलिस की जांच में खाते में करीब 32 लाख रुपये मिलने की जानकारी सामने आई। सचिन ने यह रकम दो लोगों से ठगी करके हासिल करना स्वीकार किया है। इसके आधार पर पुलिस ने उसके पिता सुरेश शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस वाहन से रेलवे पुल पर कूदा, तुरंत पकड़ा गया 

मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस सचिन को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान रेलवे पुल पर उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि अब सब खत्म हो गया है, ऐसे में जिंदा रहकर क्या करेगा। इतना कहते ही वह पुलिस वाहन से कूद पड़ा। अचानक हुई घटना से पुलिसकर्मी सकते में आ गए। हालांकि सतर्कता दिखाते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी निगरानी बढ़ा दी गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सचिन को जेल भेज दिया गया। उसके पिता से पुलिस पूछताछ कर रही है। बुधवार को उन्हें भी जेल भेजने की तैयारी है।

गैंगस्टर एक्ट लगाने और संपत्ति कुर्क करने की तैयारी 

सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि पिता-पुत्र के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उनकी संपत्तियों को कुर्क कराया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी के जरिए कितनी रकम जुटाई। बैंक खातों और अन्य वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है। वहीं, आरोपित के स्वजन मकान पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here