मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा लूटने के लिए चालक की हत्या, जटमुझेडा के जंगल में मिला था शमीम का शव

0
7

मुज़फ़्फ़रनगर: ई-रिक्शा लूटने के लिए बदमाशों ने चालक की हत्या कर दी। आरोपियों ने सवारी बनकर पहले ई-रिक्शा बुक किया और फिर चालक को सुनसान रास्ते पर ले जाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी हत्या कर दी और शव को ईख के खेत में फेंककर ई-रिक्शा और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। जटमुझेडा के जंगल में मिले ई-रिक्शा चालक मोहम्मद शमीम के शव के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे संधावली अंडरपास के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो आरोपी विकास और अनिल घायल हो गए, जबकि उनके तीसरे साथी आकाश सैनी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ई-रिक्शा, मोबाइल फोन, चाकू और दो तमंचे बरामद किए हैं।

शव मिलने और मुकदमा दर्ज होने की जानकारी 

SP सिटी अमृत जैन के मुताबिक, 8 नवंबर को नई मंडी क्षेत्र के ग्राम जटमुझेडा के जंगल में बाकरनगर मार्ग पर एक व्यक्ति का शव ईख के खेत में पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाजीपुरा सरवट निवासी मोहम्मद शमीम पुत्र बाबू के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में हत्या और लूट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं।

जांच में सीसीटीवी फुटेज और चेकिंग

SP सिटी अमृत जैन ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच के दौरान 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस, तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। मंगलवार रात सिविल लाइन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संधावली अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेरठ-रुड़की रोड की ओर ई-रिक्शा पर सवार होकर आ रहे तीन संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया।

मुठभेड़ में फायरिंग और गिरफ्तारी  

पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर तीनों ने ई-रिक्शा मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें विकास और अनिल घायल हो गए। तीसरे आरोपी आकाश सैनी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपियों की पहचान और बरामद सामान

SP सिटी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र सुनील, अनिल पुत्र सोमपाल और आकाश सैनी पुत्र विनोद सैनी के रूप में हुई है। तीनों भोपा थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, मोहम्मद शमीम का लूटा गया ई-रिक्शा, उसका मोबाइल फोन, एक अन्य मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। ई-रिक्शा बुक कर सुनसान जगह ले जाते थे आरोपी

आरोपियों का ऑपरेटिंग तरीका  

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाने का तरीका बताया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किसी दूसरे स्थान पर जाने के बहाने ई-रिक्शा बुक कराते थे। इसके बाद चालक को सुनसान जंगल या अंधेरे वाले रास्ते पर ले जाकर लूटपाट करते थे। लूटे गए ई-रिक्शा को कटवाकर उसके अलग-अलग पुर्जे और बैटरियां बेच देते थे।

हत्या की घटना का पूरा ब्यौरा 

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को आरोपियों ने विश्वकर्मा चौक से बाकरनगर जाने के लिए मोहम्मद शमीम का ई-रिक्शा बुक किया था। इसके बाद वे उसे जटमुझेडा और बाकरनगर जाने वाले मार्ग पर जंगल में ले गए। वहां शमीम के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी हत्या कर दी। शव को ईख के खेत में फेंकने के बाद आरोपी ई-रिक्शा और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को आरोपी लूटे गए ई-रिक्शा को बेचने के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया।

Reported by: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here