मुजफ्फरनगर में पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष, जमकर चले लाठी-डंडे और पथराव

0
8

मुज़फ़्फ़रनगर: फुगाना थाना क्षेत्र के सरनावली गांव में पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान जमकर पथराव भी हुआ। संघर्ष में दोनों पक्षों के बुजुर्ग और महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सोमवार शाम करीब 7 बजे हुई मारपीट और पथराव का वीडियो आज मंगलवार सुबह करीब 10 बजे से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दिवाली के विवाद के बाद गोवर्धन पूजा पर दोबारा टकराव

जानकारी के अनुसार, गांव में दिवाली की रात पटाखे छोड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस वक्त तो किसी तरह से मामला सुलझ गया, लेकिन सोमवार शाम गोवर्धन पूजा के बाद एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला किया गया और एक-दूसरे पर पथराव शुरू हो गया।

संघर्ष में चार घायल, वीडियो वायरल  

अचानक हुए संघर्ष के दौरान गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मारपीट और पथराव में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। घायलों में बुजुर्ग और महिला भी शामिल हैं। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने मारपीट और पथराव का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हो रही मारपीट और पथराव होते स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई  

घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। विवाद की शुरुआत पटाखे फोड़ने को लेकर हुई थी, लेकिन गोवर्धन पूजा के बाद दोबारा हुए टकराव ने मामले को हिंसक रूप दे दिया।

Reported by: Rohit

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here