CM शुभेंदु अधिकारी पर टिप्पणी से मचा बवाल, कोलकाता पुलिस के इंस्पेक्टर पर गिरी गाज

0
7

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोलकाता पुलिस के इस्मपेक्टर अखलाक अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद की ओर से  9 नवंबर 2026 के देर रात यह आदेश जारी किया गया। विभागीय जांच पूरी होने तक यह निलंबन जारी रहेगा।

निजी वॉट्सऐप ग्रुप से शुरू हुआ विवाद

लालबाजार के सूत्रों के मुताबिक, पूरा विवाद एक निजी वॉट्सऐप ग्रुप से शुरू हुआ। इंस्पेक्टर अखलाक अहमद ने समान रैंक के पुलिस अधिकारियों के एक प्राइवेट ग्रुप में मुख्यमंत्री को लेकर अत्यंत अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी की थी। हालांकि यह ग्रुप सिर्फ पुलिस अधिकारियों का था, लेकिन ग्रुप के ही एक सदस्य ने उस कमेंट का स्क्रीनशॉट ले लिया और उसे राज्य सचिवालय नबन्ना के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दिया।

मामला सरकार के शीर्ष स्तर तक पहुंचते ही पुलिस कमिश्नर ने इसे अनुशासनहीनता और सर्विस रूल्स का गंभीर उल्लंघन मानते हुए तुरंत जांच कराई। जांच के बाद सोमवार देर रात निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया।

मिलेगा सिर्फ आधा वेतन

निलंबन आदेश के मुताबिक, अखलाक अहमद को कोलकाता आर्म्ड पुलिस की पहली बटालियन के ऑफिसर-इन-चार्ज पद से हटा दिया गया है। इससे पहले वे कलकत्ता मेडिकल कॉलेज की पुलिस चौकी के प्रभारी थे। निलंबन की अवधि में उन्हें मूल वेतन का सिर्फ 50 फीसदी ही मिलेगा। साथ ही उन्हें अपनी सरकारी किट तुरंत सेंट्रल डिविजन के रिजर्व ऑफिसर के पास जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्दी में या सरकारी पद पर रहते हुए किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना सर्विस नियमों का सीधा उल्लंघन है।

वॉट्सऐप चैट पर भी पुलिस की पैनी नजर

इस कार्रवाई के बाद कोलकाता पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पिछले कुछ समय में मुख्यमंत्री या राज्य सरकार पर टिप्पणी करने के मामले में कम से कम दो अन्य अधिकारियों पर भी निलंबन की गाज गिर चुकी है। राज्य प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया पोस्ट ही नहीं, बल्कि उनके निजी वॉट्सऐप ग्रुप की गतिविधियों और आचरण पर भी सख्त नजर रखी जा रही है। अनुशासनहीनता की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here