रशियन बिल्डिंग के फ्लैट में विदेशी श्रद्धालु का शव मिलने से मचा हड़कंप

0
7

वृंदावन: परिक्रमा मार्ग स्थित रशियन बिल्डिंग में सोमवार को एक विदेशी श्रद्धालु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। श्रद्धालु पिछले चार-पांच दिन से अपने फ्लैट से बाहर नहीं निकले थे। सोमवार दोपहर फ्लैट से दुर्गंध आने पर बिल्डिंग कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजे की कुंदी तोड़कर अंदर दाखिल हुई तो श्रद्धालु मृत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भक्ति वेदांता अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

कोस्टा रिका के निवासी थे मृतक

मृतक की पहचान रशियन बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 713 में रहने वाले 60 वर्षीय गैलार्डो एंड्रिक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य अमेरिका के देश कोस्टा रिका के निवासी थे। पिछले कुछ वर्षों से वृंदावन में रहकर इस्कॉन मंदिर में पूजा-अर्चना और भक्ति में लीन रहते थे। बताया गया है कि वह प्रतिदिन बिल्डिंग में रहने वाले अन्य श्रद्धालुओं से मिलते-जुलते थे, लेकिन पिछले चार-पांच दिनों से किसी को दिखाई नहीं दिए थे। सोमवार दोपहर करीब एक बजे कर्मचारियों को उनके फ्लैट से तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

बीमारी के चलते मौत की आशंका

रमणरेती चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शुभांशु यादव ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजे की कुंदी तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची। वहां गैलार्डो एंड्रिक मृत अवस्था में मिले। बिल्डिंग में रहने वाले अन्य श्रद्धालुओं से पूछताछ में पता चला कि वह कुछ समय से बीमार भी चल रहे थे। प्रारंभिक तौर पर बीमारी के चलते उनकी मृत्यु होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित दूतावास को भी दे दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here